गोंडा रेलवे में कीमैन की बर्खास्तगी के विरोध में काली पट्टी बांधकर विरोध जताते रेलकर्मी। - संवा
गोंडा। चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन के हादसे को लेकर लापरवाही का खुलासा करने वाले कीमैन आसने की बर्खास्तगी से कर्मचारी यूनियन में उबाल है। पूर्वोत्तर रेलवे मेंस कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष कुंवर विकास सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को पदाधिकारियों ने गोंडा पीडब्ल्यूआई दफ्तर के सामने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। साथी कर्मी को तत्काल ड्यूटी देने की मांग डीआरएम से की।
बीते 18 जुलाई को मोतीगंज-झिलाही रेलवे स्टेशन के बीच चंडीगढ़ से डिब्रूगढ़ जा रही सुपरफास्ट ट्रेन (15908) दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। डेढ़ दर्जन कोच ट्रैक से उतर गए थे। कई डिब्बे पलट गए थे। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई थी। जबकि 33 लोग घायल हो गए थे। इस घटना को लेकर मनकापुर स्टेशन के अंतर्गत सीनियर सेक्शन इंजीनियर के अधीन कार्यरत कीमैन आसने ने संबंधित ट्रैक की गड़बड़ी का खुलासा किया था। जिस पर रेलवे प्रशासन ने 13 सितंबर को उसे ड्यूटी व रेल सेवा से बर्खास्त कर दिया। इसी को लेकर रेलवे कर्मचारियों में और विभिन्न यूनियन में आक्रोश है।
पूर्वोत्तर रेलवे मेंस कांग्रेस के संरक्षक सुभाष दुबे के आह्वान पर मंगलवार को लखनऊ डिवीजन के अंतर्गत गोंडा सहित सभी रेलवे स्टेशनों पर कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। मंडल अध्यक्ष ने कहा कि सभी कर्मचारी पीड़ित कीमैन के साथ हैं। उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर लड़ेंगे। उन्होंने डीआरएम से आसने की बहाली की मांग की है।