कार्यक्रम में शामिल हुए पूर्व सांसद।
गोंडा। कैसरगंज के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बुधवार को पत्रकारों से कहा कि राहुल गांधी का हर बयान न केवल प्रधानमंत्री का, बल्कि पूरे देश का अपमान है। सुप्रीम कोर्ट, सेना और चुनाव आयोग पर सवाल उठाकर वह खुद को ही कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। पूर्व सांसद बालपुर के एक महाविद्यालय के प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल होने पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि बीजेपी का विरोध करते-करते राहुल गांधी देश विरोधी भाषा बोलने लगे हैं। गलत बयानबाजी के कारण उनकी जमीन खिसक रही है। कहा कि कांग्रेस देश और संस्कृति से विमुख होती जा रही है। पूर्व सांसद ने मौलाना साजिद रशीदी की टिप्पणी को लेकर कहा कि किसी को भी यह अधिकार नहीं की वह किसी महिला पर अमर्यादित टिप्पणी करें। यह मामला राजनीति से ऊपर उठकर सम्मान और मर्यादा का है। प्रियंका गांधी वाड्रा के सेना को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी अभी राजनीतिक रूप से परिपक्व नहीं हैं। जो पढ़ा दिया जाता है, वह वही बोल देती हैं। उनके बयानों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है।
बुलडोजर से फूलों की बारिश
पूर्व सांसद के काफिले पर वजीरगंज में बुलडोजर से फूलों की बारिश की गई। इसके अतिरिक्त डुमरियाडीह, अंबेडकर चौराहा, हारीपुर सहित अन्य स्थलों पर पूर्व सांसद का स्वागत किया गया।