गौरा चौकी (गोंडा)। साधन सहकारी समिति कोल्ही गरीब के केंद्र बनगवा में मंगलवार को भोर से ही किसानों की लाइनें लग गईं। एक तरफ किसानों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं, जबकि दूसरी तरफ लोग तेज धूप में उमस से परेशान दिखे। ऐसे में दो महिला किसान गश खाकर गिर पड़ीं, जिनको नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
किसान फूलमती ने बताया कि सुबह दस बजे से लाइन में लगी हैं। उनको धक्का देकर पीछे कर दिया गया। किसान मोल्हू ने बताया कि यूरिया के लिए लाइन में लगे थे, लेकिन खाली हाथ लौटना पड़ा। महिला किसान सुदामा ने बताया कि सुबह छह बजे आई हैं, दोपहर तक भी खाद नहीं मिल सकी। धूप व बारिश में भी खाद की आस में किसान समिति के बाहर डटे रहे।
साधन सहकारी समिति के प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि 10 बजे से यूरिया का वितरण आधार और खतौनी देखकर किया जा रहा है। किसानों की संख्या ज्यादा है, इसलिए वितरण में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। दोपहर बाद एसडीएम के आदेश पर किसानों को टोकन का वितरण किया गया।
धानेपुर व मसकनवा संवाद के मुताबिक साधन सहकारी समिति धानेपुर व माधवगंज में मंगलवार को पुलिसकर्मियों की निगरानी में किसानों को एक हजार बोरी यूरिया का वितरण किया गया। सुबह तेज धूप और दोपहर डेढ़ बजे बारिश के बाद भी किसान लाइन में लगे रहे। अलखराम, चतुर्धन यादव, फूल चंद्र वर्मा ने बताया कि सुबह 10 बजे से ही लाइन में लगे हैं। धानेपुर समिति के सचिव रामभवन व माधवगंज के दिवाकर तिवारी ने बताया कि खाद का वितरण किया गया है। साधन सहकारी समिति वीरापुर व साबरपुर में मंगलवार को यूरिया का वितरण हुआ। वीरापुर में महिलाओं की लंबी कतार लगी रही। खाद का वितरण टोकन के अनुसार किया गया। किसान गोली, राम मनोहर, जगदीश, सावित्री, बालकराम, दिलीप कुमार, रोहित, प्रहलाद आदि ने बताया कि टोकन न मिल पाने से खाद नहीं मिल पा रही है।
कोल्हमपुर साधन सहकारी समिति के सचिव नीरज मिश्र ने बताया कि खाद का वितरण किया जा रहा है।
एडीओ सहकारिता राम सजीवन पांडेय ने बताया की सभी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद उपलब्ध कराई जा रही है। सभी किसानों को यूरिया उपलब्ध कराई जाएगी।
यहां तो खाद ही नहीं
कटरा बाजार (गोंडा)। साधन सहकारी समिति वीरपुर कटरा बाजार के गोदाम में एक सप्ताह से ताला लटक रहा है। दूरदराज से आए किसान मायूस लौट रहे हैं। चरेरा के किसान श्रीराम, उत्तम मौर्य, असगर अली, पवन कुमार, भोला आदि ने बताया कि खाद न मिलने से समस्या हो रही है। गोदाम प्रभारी केशवराम ने बताया कि एक सप्ताह पहले 300 बोरी यूरिया आई थी जो एक ही दिन में वितरित हो गई। स्टॉक की मांग की गई है।