मौर्यनगर चौराहे पर सड़क पर धरना देते अपनी जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्र लहरी व अन्य
करनैलगंज। व्यापारी विनोद साहनी की हत्या के बाद रेक्सड़िया गांव में सियासी नेताओं की आवाजाही तेज हो गई है। मंगलवार को परसपुर के रेक्सड़िया गांव में मृतक के परिजनों से मिलने जा रहे अपनी जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्र लहरी और मंडल अध्यक्ष सियाराम मौर्य को पुलिस ने मौर्यनगर चौराहे पर रोक दिया। इससे नाराज दोनों नेता समर्थकों के साथ गोंडा-लखनऊ मार्ग पर बैठ गए और पुलिस-प्रशासन व सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। धरना-प्रदर्शन के चलते मार्ग पर कुछ देर आवागमन बाधित रहा।
सूचना पर कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने नेताओं और समर्थकों को सड़क से हटकर आवागमन सुचारु कराने के लिए समझाया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद अतिरिक्त बल बुलाकर प्रदेश अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष समेत 24 लोगों को हिरासत में ले लिया। सीओ आनंद राय ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों पर शांतिभंग के आरोप में कार्रवाई की गई है।
प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्र लहरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य के निर्देश पर वे पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे। उन्हें परिवार से मुलाकात के बाद स्थिति की रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपनी थी, लेकिन पुलिस ने रोक दिया। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को सरकार की दमनकारी नीति बताया।
कल आएंगे सांसद चंद्रशेखर
सांसद एवं आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया के माध्यम से 17 सितंबर को गोंडा आने की बात कही है। इससे पहले 13 सितंबर को गोंडा आते समय पुलिस ने उन्हें बाराबंकी के रामनगर में रोक दिया था।
मौर्यनगर चौराहे पर सड़क पर धरना देते अपनी जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चंद्र लहरी व अन्य