रुपईडीह/खरगूपुर/गोंडा। गर्मी व उमस के साथ बिजली की कटौती व लो वोल्टेज भी सिरदर्द बना है। परेशान उपभोक्ताओं का सब्र शुक्रवार को फूट पड़ा। रुपईडीह के आर्यनगर विद्युत उपकेंद्र पर लोगों ने प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के भीतर व्यवस्था में सुधार न हुआ तो जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना दिया जाएगा। उधर, नवाबगंज, मेहनौन, जेल रोड, बड़गांव, बेलसर, करनैलगंज, डुमरियाडीह, तरबगंज और खरगूपुर क्षेत्र में भी घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोग परेशान रहे।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि आर्यनगर उपकेंद्र से 18 हजार उपभोक्ता जुड़े हैं। यहां की करीब डेढ़ लाख की आबादी ट्रिपिंग, रोस्टिंग और शटडाउन के नाम पर अघोषित कटौती से परेशान है। उपभोक्ताओं का कहना था कि ग्रामीण क्षेत्र में 18 घंटे आपूर्ति के दावे के बावजूद कई स्थानों पर महज आठ घंटे ही बिजली मिल रही है। बताया कि बिना सूचना लोड के बढ़ा दिया गया है। इसके बाद भी लो-वोल्टेज व शिकायत पर अभद्रता होती है।
उधर, खरगूपुर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब तीन घंटे बाद आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन एक घंटे के भीतर बिजली फिर चली गई। इसके बाद पूरी रात बिजली की आवाजाही बनी रही। आईपीडीएस टाउन, देवतहा, गोकरननाथ शिवाला, साउथ, पृथ्वीनाथ और विशुनापुर फीडर से जुड़े गांवों के लोग पूरी रात गर्मी से बेहाल रहे। उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली न होने से उन्हें हाथ के पंखे के सहारे रात गुजारनी पड़ी।
प्रदर्शन में पप्पू शुक्ल, जेपी त्रिवेदी, दुखहरण चौबे, कौशल किशोर तिवारी, वीरेंद्र कुमार शास्त्री, अमित सिंह, हर्षित तिवारी, मदन नीरज, अजय, पृथ्वीराज, अमन वर्मा, राजा तिवारी, रवि वर्मा सहित बड़ी संख्या में उपभोक्ता मौजूद रहे।
कई इलाकों से भी पहुंचीं शिकायतें
नवाबगंज के लोगों के अनुसार सोमवार को बढ़े लोड के कारण ब्लॉक परिसर स्थित ट्रांसफार्मर जल गया। अगले दिन नया ट्रांसफार्मर लगाया गया, लेकिन वह भी करीब दो घंटे के भीतर फुंक गया। इसके बाद बुधवार को दूसरा ट्रांसफार्मर लगाया गया, लेकिन इसके बावजूद लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली आने-जाने की समस्या बनी हुई है। अनुराग सिंह, कुमार वैष्णव, आनंद सिंह, योगेंद्र सिंह, धर्मेंद्र गुप्ता, लवकुश सोनी, जनार्दन सिंह सहित अन्य लोगों ने भी बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र सुधार की मांग की है। मेहनौन, जेल रोड, बड़गांव, बेलसर, करनैलगंज, डुमरियाडीह और तरबगंज क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने भी बिजली आपूर्ति बाधित रहने की शिकायत दर्ज कराई है। जेल रोड मोकलपुर निवासी नीरज कुमार तथा बड़गांव क्षेत्र के संदीप मेहरौत्रा और विनय श्रीवास्तव ने भी बिजली संकट की शिकायत की।
बारिश न होने के कारण बिजली की मांग बढ़ गई है। ऐसे में रोस्टिंग करनी पड़ रही है। इसके बावजूद उपभोक्ताओं को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली मिले, इसके लिए सभी अधिशासी अभियंता, उपखंड अधिकारी और अवर अभियंताओं को निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुशील कुमार यादव, अधीक्षण अभियंता