गोंडा। नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप जिले के आठ राजकीय विद्यालयों में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत जल्द ही प्रोजेक्ट प्रवीण शुरू होगा। इसमें विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशिक्षण प्रदाताओं का चयन पूरा हो चुका है और इसी माह के अंतिम सप्ताह से प्रशिक्षण किए जाने की तैयारी है।
जिला कौशल प्रबंधक अविनाश प्रताप सिंह ने बताया कि योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा के साथ व्यावसायिक दक्षता प्रदान करना है, ताकि भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। चयनित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क दिया जाएगा। इसके लिए स्टेशनरी, प्रशिक्षण सामग्री और प्रशिक्षित ट्रेनर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी नियमित कक्षाओं के बाद प्रतिदिन दो से तीन घंटे का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
प्रशिक्षण में कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी के साथ ऑटोमोटिव तथा ब्यूटी एंड वेलनेस सेक्टर से जुड़ी व्यावहारिक शिक्षा दी जाएगी। विद्यालयवार लक्ष्य निर्धारित कर प्रशिक्षण एजेंसियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने चयनित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर प्रशिक्षण कार्य प्रारंभ कराया जाए।
710 विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत राजकीय हाईस्कूल लौव्वाटेपरा, मछलीगांव, मुंडेरवा माफी, महेवा गोपाल, पहाड़ापुर, त्योरासी, राजकीय इंटर कॉलेज करनीपुर (तरबगंज) तथा राजकीय इंटर कॉलेज तालागंज ग्रांट को चयनित किया गया है। इन आठ विद्यालयों में कुल 710 विद्यार्थियों को ऑटोमोटिव एवं ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड में कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा।