गोंडा के विकास भवन में ट्रक से पहुंचा बैलेट पेपर।
गोंडा। अगले वर्ष प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी रफ्तार पकड़ चुकी हैं। सोमवार को दिल्ली से 1.15 करोड़ बैलेट पेपर की खेप जिले में पहुंच गई। बैलेट पेपर को कड़ी सुरक्षा के बीच जिला निर्वाचन कार्यालय के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रख दिया गया है। साथ ही राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची समेत अन्य की तैयारी तेज कर दी गई।
जिले के 16 ब्लॉकों की 1,192 पंचायतों में प्रधान, 63 जिला पंचायत सदस्य (डीडीसी), 1,564 क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) और 15,112 ग्राम पंचायत सदस्य पदों पर चुनाव कराने की तैयारी चल रही है। पंचायत चुनाव में बैलेट पेपर के जरिये मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए 1.15 करोड़ बैलेट पेपर की आपूर्ति की गई है।
बैलेट पेपर की ढुलाई 360 बक्सों में की गई, जिन्हें पुलिस सुरक्षा में ट्रकों से जिले में लाया गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच स्ट्रांग रूम में डबल लॉक सिस्टम में इन्हें रखा गया है। बैलेट पेपर की पूरी जिम्मेदारी बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी देवेंद्र सिंह को सौंपी गई है। स्ट्रांग रूम पर 24 घंटे पुलिस कर्मियों की शिफ्टवार तैनाती की गई है। इसके साथ ही पंचायत चुनाव होने तक बैलेट पेपर से संबंधी गतिविधियां बंदोबस्त चकबंदी अधिकारी की देखरेख में ही होगा। उसे सुरक्षित रखने के बाद चाभी सौंप दी गई है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नारायण का कहना है कि चुनाव कराने के लिए जरूरी बैलेट पेपर की आपूर्ति हो चुकी है। निर्धारित समय सीमा में चुनाव से संबंधी सभी अन्य तैयारियां पूरी करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
तहसीलों से जमा हो गई लगभग हस्तलिखित पांडुलिपियां..
अधिकारियों ने बताया सभी तहसीलों से लगभग हस्तलिखित पांडुलिपियां जमा हो चुकी हैं। हालांकि हस्तलिखित पांडुलिपियां जमा करने के लिए 24 नवंबर तक का समय दिया गया है। पांच दिसंबर को अनंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद मतदाताओं की दावे व आपत्तियां लेकर निस्तारण किया जाएगा। आगामी 15 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। पंचायतों में चुनाव को लेकर हलचल साफ देखी जा रही है। आरक्षण का इंतजार किया जा रहा है।