आज सरयू घाट के लिए रवाना होगा कांवड़ियों का जत्था
दु:खहरण नाथ और पृथ्वीनाथ मंदिर में जुटेंगे लाखों शिवभक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
गोंडा। हरतालिका तीज के मौके पर शुक्रवार को लाखों श्रद्धालु शिव मंदिरों में जलाभिषेक करेंगे। इसकी तैयारी में शिवालय सहित अन्य मंदिरों को आकर्षक रूप से सजा दिया गया है। बाजार में शिवपूजन के लिए पूजा सामग्री और जल भरने वाले कांवड़ियों के लिए केसरिया पोशाक गमछा और कांवर की दुकानें सज चुकी हैं। बुधवार को कांवड़िये सरयू घाट के लिए रवाना होंगे।
कांवड़ियों को जलाभिषेक के लिए सुरक्षित गलियारा देने के लिए प्रशासन की ओर से सिंचाई विभाग से दु:खहरणनाथ मंदिर तक बैरीकेडिंग का कार्य बुधवार को पूरा हो चुका है। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए करनैलगंज से दु:खहरणनाथ मंदिर व पृथ्वीनाथ मंदिर तक जलपान व विश्राम के लिए सैकड़ों पंडाल लगाए जा रहे हैं। हरतालिका तीज पर सरयू से जल लाने के लिए श्रद्धालु बुधवार को दोपहर से करनैलगंज के लिए प्रस्थान करेंगे। कई संगठनों द्वारा कांवरियों को सरयू घाट पर भेजने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है। ग्रामीण क्षेत्र के श्रद्धालुओं का जत्था ट्रैक्टर ट्राली पर दोपहर से देर रात तक सरयू घाट जाने का सिलसिला जारी रहेगा। संदीप मेहरोत्रा के मार्गदर्शन में शिवभक्तों ने दु:खहरणनाथ मंदिर परिसर को भव्य राजमहल जैसा स्वरूप प्रदान किया है। खरगूपुर में पृथ्वीनाथ मंदिर व करनैलगंज में सरयूघाट पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।