गोंडा। पांचवें चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार से नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके लिए कलेक्ट्रेट के सात कक्षों में नामांकन की व्यवस्था की गई है। विधानसभा क्षेत्रवार अलग-अलग कक्ष बनाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों के साथ ही वीडियोग्राफी की निगरानी में प्रत्याशियों का नामांकन होगा।
इसकी तैयारी पूरी हो गई और नामांकन कक्षों पर पुलिस का कड़ा पहरा भी होगा। प्रत्याशियों को दो लोगों के साथ ही नामांकन के लिए प्रवेश मिलेगा। इसके साथ प्रत्याशियों के अपने वाहन कलेक्ट्रेट से दो सौ मीटर दूर ही रोकना होगा है। वाहनों से कलेक्ट्रेट में प्रवेश की अनुमति किसी को नहीं है। निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारी व कर्मचारी ही वाहनों से प्रवेश कर सकेंगे। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने नामांकन व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
नामांकन कक्ष में तीन-तीन सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। सीसीटीवी कैमरे से साउंड रिकार्डर भी लगा रहेगा। आपस में बातचीत भी रिकार्ड होगी। एक ही सीट के दो प्रत्याशी साथ-साथ नामांकन करने कक्ष में नहीं जा सकेंगे। नामांकन के लिए कक्षों को तैयार किया गया है जिसमें विधानसभा 295-मेहनौन के प्रत्याशी अपर जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय कक्ष संख्या-एक में नामांकन कर सकेंगे।
इसी तहर 296-गोंडा सदर के प्रत्याशी मुख्य राजस्व अधिकारी के न्यायालय कक्ष संख्या-दो में, 297-कटरा बाजार का नामांकन अपर उपजिलाधिकारी द्वितीय के न्यायालय कक्ष संख्या-पांच में, विधानसभा 298-करनैलगंज के लिए अपर उपजिलाधिकारी के न्यायालय कक्ष संख्या-छह, विधानसभा 299-तरबगंज के लिए न्यायालय उपसंचालक चकबंदी के न्यायालय कक्ष संख्या-सात, विधानसभा मनकापुर (सुरक्षित) का नामांकन अपर उपजिलाधिकारी प्रथम के न्यायालय कक्ष संख्या-चार तथा विधानसभा 301-गौरा के लिए नगर मजिस्ट्रेट के न्यायालय कक्ष संख्या-तीन में नामांकन कर सकेंगे। इसके साथ ही नामांकन कक्ष के बाहर पुलिस बल व अंदर विधानसभा क्षेत्रवार निर्वाचन अधिकारी व सहायक निर्वाचन अधिकारी मौजूद रहेंगे।
कलेक्ट्रेट में नामांकन के दौरान पूरे जिले के चारो सीओ को लगाया गया है। पूरा कलेक्ट्रेट छावनी में तब्दील रहेगा। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट के सातों कक्षों के बाहर पुलिस बल रहेगा जिसमें महिला पुलिस कर्मी भी लगाई गई हैं। 100 महिला पुलिस को पूरे कलेक्ट्रेट में लगाया गया है, इस बार चार महिला प्रत्याशी भी तय हो चुकी हैं जिनके नामांकन में महिलाओं के साथ आने की संभावना है। इसी तरह कलेक्ट्रेट के गेट पर ही सीओ व थानाध्यक्ष के साथ पीएसी के जवान मुस्तैद रहेंगे। अग्निशमन दल की टीम के साथ ही सुरक्षा के अन्य इंतजाम भी रहेंगे।
डीएम मार्कंडेय शाही ने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की तैयारी पूरी कर ली गई है। पूरी सतर्कता और सुरक्षा के साथ नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी। मंगलवार से आठ फरवरी तक नामांकन होगा और 11 को नाम वापसी होगी। इसके बाद 11 फरवारी को ही प्रत्याशियों के चुनाव चिह्नों का आवंटन कर दिया जाएगा।