परसपुर थाना क्षेत्र परसपुर के बरदही बाजार में कुएं के पास युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या नहीं हार्टअटैक से मौत की पुष्टि हुई है। मामले में पुलिस गहनता से छानबीन के दावे कर रही है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया था।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रतीक की हार्टअटैक से मौत की पुष्टि हुई है। प्रतीक के शरीर पर चोट के कोई निशान भी नहीं पाए गए थे। बृहस्पतिवार दोपहर वह घर से सामान लेने के लिए निकाला था। शुक्रवार को बेलसर मार्ग स्थित बरदही बाजार में कुएं के पास झाड़ियों में प्रतीक का शव मिला था। मृतक के पिता यदुनाथ सिंह ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए कस्बा परसपुर निवासी विनोद व महेश मौर्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक टीम बुलाकर मौके पर गहन छानबीन की गई थी मगर वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था।