फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: बिजली व्यवस्था ध्वस्त, 14 लाख उपभोक्ता प्रभावित

Sat, 26 Sep 2026 11:18 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। तीन दिन से जारी आंधी-बारिश ने देवीपाटन मंडल की बिजली व्यवस्था को बेपटरी कर दिया है। शहर से लेकर गांव तक बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोग पेयजल के लिए भी तरस गए। घरों में लगी पानी की टंकियां खाली हो गईं और मोबाइल फोन तक चार्ज नहीं हो सके। शुक्रवार रात से ही कई इलाकों में बिजली गुल रही। उपभोक्ताओं का आरोप है कि विद्युत उपकेंद्रों और अधिकारियों के फोन भी नहीं उठे।
विज्ञापन

विद्युत विभाग के अनुसार, देवीपाटन जोन के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती जिले में आंधी-बारिश से बिजली के ढांचे को व्यापक नुकसान पहुंचा है। दो हजार से अधिक बिजली के खंभे टूटने और 200 से ज्यादा ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने का अनुमान है। इससे मंडल के 14 लाख से अधिक उपभोक्ता प्रभावित हुए हैं। विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं।
शनिवार सुबह तेज आंधी के दौरान देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता कार्यालय परिसर में तीन पेड़ उखड़कर गिर गए। गनीमत रही कि उस समय आसपास कोई मौजूद नहीं था। पेड़ गिरने से कार्यालय की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और बाउंड्रीवॉल भी क्षतिग्रस्त हो गई। देर शाम तक पेड़ों को हटाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास जारी रहा। बिजली ठप होने से पूरे दिन कार्यालय का कामकाज भी प्रभावित रहा।
विज्ञापन

जानकीनगर निवासी रणविजय सिंह और आवास विकास निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात से ही शहर के कई विद्युत उपकेंद्रों की आपूर्ति बाधित है। बिजली न होने से सबसे अधिक परेशानी पेयजल को लेकर हुई। मोबाइल फोन भी चार्ज नहीं हो सके। स्कूल-कॉलेजों में पहले से अवकाश होने के कारण विद्यार्थियों को कुछ राहत रही, लेकिन सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हुआ।

एचटी लाइन टूटी, रोडवेज बस बची
पोर्टरगंज में जेल रोड पर गोंडा नार्थ फीडर, एससीपीएम समेत ग्रामीण क्षेत्रों को जाने वाली एचटी लाइन शनिवार दोपहर डेढ़ बजे टूटकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान करीब 50 यात्रियों को लेकर रोडवेज बस गुजर रही थी। समय रहते चालक ने स्थिति संभाल ली और हादसा टल गया।

चारों जिलों में विद्युत ढांचे को भारी नुकसान
देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि आंधी-बारिश से गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती में विद्युत ढांचे को व्यापक नुकसान हुआ है। दो हजार से अधिक खंभे और 200 से ज्यादा ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने का अनुमान है। पेड़ों की डालियां हटाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए टीमें लगाई गई हैं। करनैलगंज क्षेत्र का निरीक्षण कर टीमों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें