फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: आंधी-बारिश से चरमराई बिजली व्यवस्था

Tue, 30 Jun 2026 11:21 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा/कटरा बाजार। तेज बारिश और आंधी ने जिले की बिजली व्यवस्था की पोल खोल दी। मंगलवार को शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही। घरों, सरकारी कार्यालयों, स्कूल-कॉलेजों और बाजारों में कामकाज प्रभावित हुआ। कई इलाकों में बिजली न आने से पेयजल संकट भी गहरा गया। 80 से अधिक गांवों के लाखों उपभोक्ताओं को 10 से 12 घंटे तक बिजली संकट से जूझना पड़ा।
विज्ञापन

नगर क्षेत्र में मंगलवार को सुबह से ही बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आवास विकास, सिविल लाइंस समेत कई मोहल्लों में लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। बिजली न होने से इनवर्टर जवाब दे गए और दैनिक कार्य प्रभावित रहे। एलबीएस पीजी कॉलेज में जनरेटर के सहारे परीक्षा संपन्न करानी पड़ी। डीपीआरओ कार्यालय में भी बिजली बाधित रहने से कामकाज प्रभावित रहा। अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार यादव ने बताया कि सभी फॉल्ट दूर कर जल्द आपूर्ति सामान्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
मसकनवा संवाद के मुताबिक, बल्लीपुर-धुसवा के पास 33 केवी मेन लाइन पर पेड़ की डाल गिरने से सोमवार रात 01:50 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते छपिया, बगदर, ऐलनपुर, गौराचौकी, भोपतपुर सहित करीब 80 गांवों के दो लाख से अधिक उपभोक्ता 10 घंटे तक बिजली से वंचित रहे। मंगलवार दोपहर 12:10 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी।
विज्ञापन

वजीरगंज संवाद के मुताबिक, मोहनपुर और रघुराजनगर टिकरी उपकेंद्रों से जुड़े सैकड़ों गांवों में सोमवार रात एक बजे से करीब 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। मझारा के पास 33 केवी लाइन पर पेड़ गिरने और विभिन्न स्थानों पर लाइन ब्रेकडाउन के कारण विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
तरबगंज संवाद के मुताबिक, 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने से सोमवार देर रात बंद हुई बिजली आपूर्ति मंगलवार दोपहर तक बहाल नहीं हो सकी। कटरा बाजार में लगातार पांच घंटे बिजली न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र के घेराव और अनशन की चेतावनी दी। एसडीओ राम कैलाश सिंह यादव ने बताया कि पांच एमवीए क्षमता के नए ट्रांसफार्मर की स्थापना की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। दो-तीन दिन में कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
जयप्रभाग्राम संवाद के मुताबिक, इटियाथोक उपकेंद्र के बलरामपुर देहात और ईस्ट फीडर क्षेत्र में तेज हवा और बारिश के दौरान सोमवार देर रात कठौवा ग्राम पंचायत में एलटी लाइन टूट गई। इससे क्षेत्र के दर्जनों गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत शुरू कराई। विभाग ने जल्द आपूर्ति बहाल करने का दावा किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें