परसपुर/बालपुर/ कटरा बाजार/ माधोपुर (गोंडा)। बारिश के कारण करीब 100 गांवों में बिजली गुल होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कटरा बाजार के सुनील, आलोक, शिवम, पप्पू पांडेय, अमरेश तिवारी ने बताया कि रात से ही आपूर्ति बाधित है। जेई आदर्श ओझा ने बताया कि सुक्खापुरवा गांव में हाईटेंशन लाइन का पोल टूट गया था। लाइन पेट्रोलिंग किया जा रहा है। पोल लगवा दिया गया है। जल्द ही आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
बालपुर उपकेंद्र के हरसिंहपुर, रेरुवा, नकहा बसंत, सोनहरा, हंडियागाड़ा, सालपुर, धानी, गोगिया, नारायणपुर मर्दन सहित अन्य गांव में बिजली समस्या से 50 हजार की आबादी समस्या झेल रही है। अवर अभियंता विद्या सागर ने बताया कि तेज बरसात व आंधी आने कारण बिजली आपूर्ति नहीं हो सकी।
माधोपुर में दुबहा बाजार, नरायनपुर कला फीडर से जुड़े गांवों में पिछले 24 घंटे से आपूर्ति नहीं हो सकी है। अवर अभियंता आदर्श ओझा ने बताया कि दुबहा बाजार पुल के पास 33 केवी की मुख्य अंडरग्राउंड केबल ब्लास्ट हो गई है, जिसके कारण विद्युत आपूर्ति बाधित है। मरम्मत की जा रही है। धानेपुर के अवर अभियंता ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि तेज बारिश व हवा के चलते लाइन बंद करनी पड़ी।
परसपुर के भौरीगंज-शाहपुर चेचरी मार्ग पर ग्राम नरायनपुर साल के पास बृहस्पतिवार रात बीच सड़क पर बिजली का एचटी लाइन का सीमेंट का खंभा टूटकर तारों के साथ सड़क पर लटक गया, जिससे रात में इस मार्ग से आने वाले वाहनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उपखंड अधिकारी रंजीत कुमार ने बताया कि संबंधित फीडर के कर्मियों को लगाया जा रहा है।