गोंडा। शहर के दो मोहल्लों में फॉल्ट से सोमवार को घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। आवास विकास उपकेंद्र के गरीबी पुरवा फीडर के तहत महारानीगंज कब्रिस्तान के पास लगा ट्रांसफार्मर खराब हो गया। इससे संबंधित इलाके की बिजली गुल हो गई। आपूर्ति बहाल करने के लिए मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाने की कोशिश की गई लेकिन ट्रॉली फंसने से काम में बाधा आई।
पॉलिटेक्निक फीडर के महाराजगंज मोहल्ले में ज्वैलर्स के सामने लगे ट्रांसफार्मर पर 11 केवी लाइन का तार टूटकर गिर गया। सुरक्षा के मद्देनजर पॉलिटेक्निक फीडर को बंद करना पड़ा। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी।
अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार यादव ने बताया कि दोनों स्थानों पर फॉल्ट ठीक कर बिजली आपूर्ति सामान्य करा दी गई है।