फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ब्लाक प्रमुख पदों पर जीत के लिए परिवार पर भरोसा

विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन में सफल होने के बाद भाजपा अब ब्लाक प्रमुख पदों पर भी बडे़ स्तर पर जीत हासिल करने की तैयारी में है। अधिक से अधिक सीटों को जीतने के लिए भाजपा ने इस बार सांसद और विधायक के पारिवारिक सदस्यों और करीबियों को ही टिकट थमा दिया है। 15 ब्लाकों में प्रमुख पदों में भाजपा 10 ब्लाकों पर हरहाल में निर्विरोध निर्वाचन करने के लिए कमर कस ली है। एक ब्लाक प्रमुख का पद दूसरे दल के खाते में जाने का संकेत दिख रहा है। वैसे भाजपा जिलाध्यक्ष सूर्य नरायन तिवारी का दावा है कि जिले के क्षेत्र पंचायत सदस्यों का समर्थन भाजपा को है और सभी सीटों पर जीत हासिल होगी।
विज्ञापन

जिले की मुजेहना ब्लाक के प्रमुख पद को छोड़कर अन्य सभी पदों पर निर्वाचन होने हैं। भाजपा की ओर से प्रत्याशियों की सूची में पार्टी के नेताओं का दबदबा साफ दिख रहा है। कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह के छोटे भाई की पत्नी अरुंधती सिंह को भाजपा ने नवाबगंज से प्रत्याशी बनाया है। बता दें कि जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में सांसद के समर्थक व परिजनों को टिकट देने में भाजपा ने परहेज किया था।
इसके अलावा उनके करीबी आशीष मिश्र की मां रेखा मिश्र को भी टिकट मिल गया है। पंडरीकृपाल ब्लाक अनुसूचित महिला सीट थी, इसके बाद भी वहां गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह के करीबी राजीव सिंह उर्फ बिट्टू सिंह की समर्थित प्रियंका गौतम को टिकट मिला है। सदर विधायक के करीबी गौरव सिंह की समर्थित प्रत्याशी को झटका मिला है। तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पांडे के बेटे मनोज पांडे को तरबगंज ब्लाक प्रमुख का टिकट मिला है, वहीं बेलसर से राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह को टिकट मिल गया है। उनके भाई पप्पू सिंह परास का बीते दिनों कोरोना से मौत हो गई थी और माना जा रहा था कि भाजपा संवेदना दिखाएगी, वहीं हुआ भी। बभनजोत से गौरा विधायक प्रभात वर्मा के भाई की पत्नी मधुलिका पटेल को टिकट दिया गया है, वहीं इंटियाथोक से मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी की पत्नी पूनम द्विवेदी भी टिकट पाने में सफल रहीं हैं। वहीं हलधरमऊ में कटरा बाजार विधायक बावन सिंह की बहू रिचा सिंह प्रमुख प्रत्याशी बनाई गई हैं। वहीं कटरा बाजार से उनके करीबी भवानी भीख शुक्ल को टिकट मिला है। वहीं गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह के करीबी जगदेव चौधरी भी टिकट मिला है।
विज्ञापन

छपिया में संगठन से जुड़े रहने पर मिला टिकट
छपिया ब्लाक में अनिल कुमार पासवान उर्फ नीलू को भाजपा से लंबे समय से जुड़े रहने का लाभ मिला। उन्हें पार्टी ने टिकट दिया है और माना जा रहा है कि उनके साथ पार्टी के नेता भी हैं। नीलू पासवान छात्र जीवन से राजनीति में सक्रिय रहे हैं और भाजपा से जुड़े रहे। इसी तरह करनैलगंज में विधायक अजय प्रताप सिंह उर्फ लल्ला भैय्या की पसंद को तवज्जो दिया गया है। यहां पर तिल्लफा देवी और परसपुर में लंबे संघर्ष के बाद प्रियंका सिंह को टिकट मिला है। रुपईडीह ब्लाक में भी भाजपा से लंबे समय से जुड़े रहे राकेश तिवारी की पत्नी सरोज तिवारी को टिकट मिला है, लेकिन यहां पर राह आसान नही दिख रही है। वजीरगंज में भाजपा ने अनीता यादव को प्रत्याशी बनाया है।
ब्लाक प्रमुख की दौड़ से दूरी बनाए रहे मंत्री
भाजपा सरकार में वरिष्ठ मंत्री होने के बाद भी समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री ब्लाक प्रमुख टिकट की दौड़ से दूरी बनाए रहे। वह मनकापुर से विधायक हैं और तीन ब्लाक उनके निर्वाचन क्षेत्र में आते हैं। मनकापुर अनुसूचित वर्ग के लिए आरक्षित भी थी लेकिन वह चुप्पी साधने में ही भलाई समझे। इसी तरह नवाबगंज ब्लाक से तो उनका दूर- दूर तक कोई मतलब नही रहा। वजीरगंज में भी सपा के पूर्व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राम बहादुर सिंह के पार्टी में आने से उन्होंने किनारा कस लिया। इसके अलावा और सभी पार्टी के विधायकों, सांसदों ने अपने प्रभाव का प्रयोग किया।
पांच ब्लाकों में राह में खलल डाल सकती है सपा
ब्लाक प्रमुख चुनाव में अभी सपा की ओर से भले ही प्रत्याशियों की कोई सूची सार्वजनिक नही की गई है, लेकिन पांच ब्लाकों में वह भाजपा की राह में खलल डाल सकती है। रूपईडीह में तो पूरी तैयारी के साथ पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह के भाई महेश सिंह की पत्नी बबिता सिंह का नामांकन गुरुवार को होगा। यहां पर सपा मजबूत भी दिख रही है। इसके अलावा हलधरमऊ में सपा नेता मसूद आलम खां के करीबी केसी पांडे ने नामांकन लिया है और वह तैयारी कर रहे हैं। इसी तरह कटरा बाजार में पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे ने पंकज गोस्वामी का पर्चा काफी विवाद के बाद खरीदा है। बभनजोत में पूर्व विधायक राम प्रताप सिंह अपने परिवार से किसी को लड़ाने की तैयारी कर रहे हैं। इसके अलावा इंटियाथोक में सपा नेता द्ददन खां ने भी परिवार की ओर से प्रत्याशी खड़ा करने का ऐलान किया है और नामांकन पत्र लिया है। गुरुवार को नामांकन के बाद तस्वीर साफ होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें