गोंडा। नामांकन प्रक्रिया की शुरूआत के साथ ही जिले में चुनावी रण का बिगुल बज उठा। हालांकि पहले दिन किसी भी सीट पर किसी भी प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया। नामांकन कक्षों में मौजूद अधिकारी व कर्मचारियों का पूरा दिन बस प्रत्याशियों के इंतजार में ही बीता। हालांकि इस दौरान चुनाव में दावेदारी ठोकने को 38 संभावित प्रत्याशियों ने नामांकन पत्रों की खरीद जरूर की। नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पूरे कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस दौरान सभी प्रवेश गेटों पर निगरानी को सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ ही खुफिया कैमरों से भी नजर रखी जा रही थी। जानकारों की माने तो जिले में गुरुवार तीन फरवरी से नामांकन का जोश तेजी पकड़ेगा। इस दौरान सभी प्रमुख दलों के प्रत्याशियों की तरफ से पर्चा दाखिल करने की तैयारी तेज हो गयी है।
मंगलवार को नामांकन के पहले दिन सातों विधानसभा क्षेत्रों में एक भी पर्चा दाखिल न होने से नामांकन का खाता नहीं खुल सका। जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम मार्कंडेय शाही ने बताया कि नामांकन के प्रथम दिन किसी भी सीट पर किसी भी प्रत्याशी की तरफ से कोई भी पर्चा दाखिल नही किया गया। पहले दिन लोग सिर्फ दावेदारी करने के लिए नामांकन पत्र खरीदने को ही नामांकन कक्ष तक पहुंचे। जिला प्रशासन की तरफ से नामांकन के लिए सात कक्षों में इंतजाम सुनिश्चित कराए गए हैं। नामांकन प्रक्रिया आठ फरवरी तक चलेगी। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और 11 को वापसी की प्रक्रिया के बाद चुनाव मैदान में अंतिम तौर पर बचे प्रत्याशियों की सूची जारी होगी। इससे पूर्व जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर सभी सातों सीटों के लिए नामित रिटर्निंग आफिसरों की तरफ से नामांकन के साथ चुनाव प्रक्रिया शुरू किए जाने की अधिसूचना जारी की गयी।
पार्टियों की ओर से खरीदे गए नामांकन पत्र
पार्टियों और दावेदारों की ओर से नामांकन प्रक्रिया का पहला दिन सिर्फ नामांकन पत्रों की खरीद में ही गुजरा। इसमें विधानसभा सदर में कांग्रेस पार्टी की रमा कश्यप की ओर से दो सेट व एक निर्दलीय प्रत्याशी ने दो सेट लिए हैं। विधानसभा गौरा के लिए पर्चे के कुल 12 सेट खरीदे गए। इसमें बीजेपी के प्रभात वर्मा ने चार सेट, बीएसपी की निगार उस्मानी ने तीन सेट, शिवसेना ने तीन सेट, जनसत्ता लोकतांत्रिक पार्टी ने एक सेट तथा निर्दलीय ने दो सेट नामांकन पत्र लिया है। इसी प्रकार विधानसभा मनकापुर के लिए पांच सेट नामांकन पत्र लिए गए हैं। जिसमें बीएसपी के श्याम नरायन ने तीन सेट और कांग्रेस ने दो सेट, विधानसभा तरबगंज में छह सेट पर्चे लिए गए हैं। इसमें बीजेपी के प्रेम नरायन पांडेय ने दो सेट, सम्राट अशोक पार्टी ने चार सेट पर्चे लिए हैं। इसी तरह विधानसभा करनैलगंज में सात सेट पर्चे लिए गए हैं। जिसमें निर्दलीय ने दो सेट, आम आदमी पार्टी के विशाल सिंह ने चार सेट व जन अधिकार पार्टी ने एक सेट, विधानसभा कटरा बाजार में चार सेट पर्चे लिए गए हैं। जिसमें कांग्रेस ने चार सेट लिए हैं। इस तरह पूरे दिन में 38 सेट नामांकन पत्र लिए गए। विधानसभा मेहनौन के लिए एक भी नामांकन पत्र नहीं लिया गया।
दोपहर तक रही अमावस्या, फिर प्रतिपदा ने थमे कदम
नामांकन के लिए पहला दिन मंगलवार होने से शुभ माना जा रहा था। इससे नामांकन का खाता खुलने की पूरी संभावना थी। लेकिन दोपहर तक अमावस्या होने और फिर प्रतिपदा लग जाने से नामांकन करने वालों के कदम थमे रहे। बुधवार को भी दिन भर प्रतिपदा रहने से नामांकन में अब गुरुवार से ही तेजी आने की संभावना है। जानकारों की माने तो भाजपा की तरफ से तैयार रणनीति के तहत सातों सीटों पर घोषित प्रत्याशी तीन से पांच फरवरी के बीच नामांकन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसी तरह सपा समर्थित प्रत्याशियों के भी गुरुवार से ही पर्चा दाखिल करने की तैयारी है।
फोर्स और ड्रोन से रही निगरानी
विस. चुनाव के नामांकन में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। कलेक्ट्रेट गेट पर पुलिस हर आने जाने वाले से पूछताछ कर रही थी। पूरे कलेक्ट्रेट में जिले के 12 थानों की पुलिस लगी रही। अग्निशमन दल की टीमें भी मुस्तैद रहीं। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस और महिला पुलिस भी तैनात रहीं। कलेक्ट्रेट में हर प्रवेश के रास्ते पर बैरीकेडिंग रही, और बिना इजाजत किसी को अंदर जाने की छूट नहीं थी। प्रत्याशी या उनके समर्थक नामांकन पत्र क्रय करने ही जा पा रहे थे। नामांकन न होने से पुलिस के जवानों को राहत मिली रही। ड्रोन से पुलिस निगरानी करते रही।