पंचायत चुनाव को निष्पक्ष कराने के लिए बुधवार को पुलिस लाइंस ग्राउंड में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में लगाए गए पुलिस कर्मियों को चुनावी टिप्स दिए। डीएम व एसपी ने पुलिस कर्मियों को प्रत्याशियों और समर्थकों के प्रलोभन से बचकर निष्पक्ष चुनाव कराने की नसीहत देकर ड्यूटी के लिए रवाना कर दिया।
पंचायत चुनाव को निष्पक्ष कराने के लिए जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय व पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह पुलिस लाइंस ग्राउंड में चुनावी ड्यूटी पर जाने वाले पुलिस कर्मियों को ब्रीफ कर रहे थे।
डीएम ने पुलिसकर्मियों से कहा कि चुनाव ड्यूटी के दौरान वह प्रत्याशी और उनके समर्थकों के प्रलोभन से बचें। उन्होंने कहा कि अगर कोई प्रत्याशी व समर्थक चायव नाश्ते के लिए बुलाता है तो उसकी चाय भी न पिएं।
तभी निष्पक्ष चुनाव होगा और चुनावी क्षेत्र के मतदाता किसी भी पुलिस कर्मी पर कोई आरोप नहीं लगाएंगे। एसपी ने कहा कि जिस पुलिस कर्मी की जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ ड्यूटी लगी है, वह समय से पहुंचकर उन्हें रिपोर्ट करेंगे।
इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर समय से पहुंच जाए, जिससे मतदान में किसी प्रकार की बाधा न आ सके। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक रवींद्र कुमार सिंह, सीओ सदर अखंड प्रताप सिंह मौजूद रहे।