गोंडा। शहर के निजी संस्थानों और होटलों में नए साल के आगमन को लेकर तैयारी की गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने भी तैयारी की है। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में कोबरा मोबाइल के साथ ही सभी चौकी प्रभारियों व थानों की फोर्स को अलर्ट किया गया है।
नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक के साथ दो मोबाइल वैन बुधवार रात आठ बजे से ही भ्रमण करेंगी। शहर के 14 चौकी प्रभारियों को भी देर रात तक अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। 14 कोबरा मोबाइल भी लगातार गश्त पर रहेंगी। बस स्टेशन तिराहा, अग्रसेन चौराहा, झूलेलाल चौराहा, गुरुनानक चौक, गुड्डूमल, डब्बूमल, पीपल तिराहे के साथ प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मी नजर रखेंगे। होटलों, ढाबों व सराय की चेकिंग होगी। इसके साथ ही जिले के 17 थानों की पुलिस भी अपने-अपने इलाके में भ्रमण करती रहेगी। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) राधेश्याम राय ने बताया कि बुधवार रात आठ बजे से देर रात तक सभी पुलिसकर्मियों भ्रमण पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि नव वर्ष की पूर्व संध्या पर बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, चौक बाजार समेत भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी। सीसीटीवी से भी निगरानी की जाएगी।