फोटो- 17- गोंडा के पुलिस लाइन में दीक्षांत समारोह में आरक्षी को सम्मानित करते एसपी। संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। कोहरे की चादर के बीच पुलिस लाइन में जवानों के जयहिंद की गूंज से सर्द मौसम में भी पारा गर्म हो गया। पुलिस लाइन में दीक्षांत समारोह के बाद 197 रिक्रूट के वर्दी का सपना पूरा हो गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने पासिंग आउट परेड की सलामी ली और जवानों को सम्मानित किया। उन्होंने जवानों को पद एवं गोपनीयता, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और निष्पक्षता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही जिले की पुलिस बल में 197 आरक्षी शामिल हो गए और जनसेवा को तैयार हैं।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक संतोष मिश्र ने परेड का निरीक्षण कर मान प्रणाम ग्रहण किया तथा रिक्रूट आरक्षियों द्वारा पूर्ण साज-सज्जा व उत्साह के साथ टोलीवार मार्च पास्ट किया गया। पुलिस अधीक्षक ने समस्त रिक्रूट आरक्षियों को पद एवं गोपनीयता के साथ सदैव सत्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं निष्पक्षता से जनसेवा करने की शपथ दिलाई। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस परिवार से जुड़ने पर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। कार्यक्रम में सीडीओ शशांक त्रिपाठी ने जवानों में जोश भरा। उन्होंने कहा कि आम जनता को पुलिस से काफी उम्मीदें ही नहीं भरोसा भी है। उन्होंने युवाशक्ति पर जोर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, क्षेत्राधिकारी लाइन मुन्ना उपाध्याय, प्रतिसार निरीक्षक यशवंत प्रताप सिंह, प्रशिक्षक, आईटीआई पीटीआई, अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण व रिक्रूट आरक्षियों के परिजन उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण में प्रतिभा दिखाने वाले जवानों को मिला सम्मान
समारोह में प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया। आंतरिक व वाह्य विषयों की परीक्षाओं में मानसिक एवं शारीरिक दक्षता के बेहतर प्रस्तुतीकरण के लिए रिक्रूट आरक्षी समर पाल वर्मा को सर्वांग सर्वोत्तम पुरस्कार मिला। वाह्य विषयों, शारीरिक प्रशिक्षण तथा साक्षात्कार में रिक्रूट आरक्षी आकाश को व अन्य रिक्रूट आरक्षियों को विभिन्न विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर ट्राफी व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रथम परेड कमांडर शैलेश कुमार, द्वितीय परेड कमांडर अभय कुमार व तृतीय परेड कमांडर बृजेश कुमार पटेल रहे। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने पुलिस अधीक्षक सन्तोष कुमार मिश्रा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। संवाद