गोंडा। महाकुंभ को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। नेपाल सीमा से सटे देवीपाटन मंडल का मुख्यालय होने के कारण जिले में हाईवे पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को लगाया गया है। सीओ स्तर के अधिकारियों को इसकी माॅनीटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अयोध्या में सरयू पुल पर यातायात को डायवर्ट किया गया है।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि जिले के सभी थानों की पुलिस को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है। महाकुंभ जाने वाले श्रद्धालुओं को बस स्टेशन पर कोई समस्या न हो, इसके लिए यहां पर अलग से प्रबंध किए गए हैं। बस स्टेशन स्थित पुलिस चौकी पर महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है। वहीं, नवाबगंज में पुराने सरयू पुल पर यातायात प्रतिबंधित है। इस रूट से होकर अयोध्या के रास्ते प्रयागराज जाने वाले वाहनों को हाईवे से निकाला जा रहा है। यूपी 112 को निर्देश दिया गया है कि अगर कोई श्रद्धालु फोन पर किसी भी तरह की मदद मांगता है तो तत्काल मौके पर पहुंचकर मदद की जाए।