नवाबगंज के किशुनदासपुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप पलटी पिकअप। - संवाद
टिकरी/बलरामपुर। महाकुंभ में स्नान व अयोध्या में दर्शन के बाद बलरामपुर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप बृहस्पतिवार भोर घने कोहरे में कटरा भोगचंद मार्ग पर किशुनदासपुर रेलवे क्राॅसिंग के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में नौ श्रद्धालु घायल हो गए। सभी को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां से तीन को गंभीर हालत में अयोध्या के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
महाकुंभ से स्नान के बाद श्रद्धालुओं को अयोध्या से लेकर एक पिकअप बलरामपुर जा रही थी। बृहस्पतिवार भोर नवाबगंज में किशुनदासपुर रेलवे क्राॅसिंग के पास घना कोहरा होने के कारण पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में देवी प्रसाद पुरवा दतौली घाट रेहरा बाजार, बलरामपुर निवासी सुंदर (70), उनकी पत्नी मंजू देवी (65), अटल बिहारी (45), गेंदा उर्फ फूल गेंदा देवी (40), गणेशपुर थाना धानेपुर निवासी मंजू देवी (48) और गुनाही मनकापुर निवासी रीता (35) गंभीर रूप से घायल हो गईं। राजेश, नंदलाल व फूलचंद को मामूली चोटें आई हैं। सीएचसी अधीक्षक नवाबगंज डॉ. विनियेश त्रिपाठी ने बताया कि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। (संवाद)