सीएमओ कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करते फार्मासिस्ट। - संवाद
गोंडा। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने शुक्रवार को विभिन्न मांगों को लेकर
सीएमओ कार्यालय में धरना दिया। जिलाध्यक्ष सालिकराम त्रिपाठी के नेतृत्व में फार्मासिस्टों ने सीएमओ पर भ्रष्टाचार और गैरहाजिर स्वास्थ्यकर्मियों को वेतन देने में मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
फार्मासिस्टों ने संवर्ग का पदनाम बदलने, वरिष्ठता सूची जारी करने और रिक्त उच्च पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग उठाई। साथ ही ग्रेड पे बढ़ाने, प्रभारी भत्ता 75 से बढ़ाकर 750 रुपये प्रतिमाह करने और नियुक्ति के लिए न्यूनतम योग्यता बीफार्मा या फार्मा-डी निर्धारित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि एक सप्ताह में मांगों का निस्तारण नहीं हुआ तो महानिदेशालय का घेराव करेंगे। इस संबंध में मुख्यमंत्री, डीएम और मंडलायुक्त को मांगपत्र भेजा गया है। धरने में मंत्री सुधीर कुमार शुक्ल, वेदप्रकाश भारती, अरुण शर्मा, अवधेश त्रिपाठी, दिवाकर चौधरी, अब्दुल खालिक, अवधेश तिवारी आदि शामिल रहे।
सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल ने कहा कि जिन लोगों को वेतन देने का आरोप लगाया जा रहा है, सीएचसी में उतनी नियुक्तियां ही नहीं हैं।