गोंडा। कहीं पहली बार मतदाता बनने की उत्सुकता थी तो कहीं सूची से कटे नाम को दोबारा जुड़वाने की चिंता। कोई मां के नाम, पते और मोबाइल नंबर में सुधार कराने पहुंचा तो किसी ने दूसरे बूथ पर दर्ज नाम हटाने के लिए आवेदन किया। शनिवार को मतदाता सूची के विशेष कैंपों में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
दोपहर करीब 12 बजे जीजीआईसी में महरानीगंज और छेदीपुरवा की बीएलओ रंजना पांडेय व सत्यवती तिवारी आवेदन ले रही थीं। यहां एक युवा पहली बार मतदाता बनने के लिए पहुंचा। वहीं, एसआईआर के दौरान सूची से नाम कटने पर दो लोग उसे दोबारा जुड़वाने आए। गिर्द गोंडा के एक मतदाता ने दूसरे बूथ पर नाम दर्ज होने की जानकारी देते हुए उसे हटाने के लिए आवेदन किया। बीएलओ अनिल कुमार ने बताया कि आवेदन की प्रक्रिया आसान है। बूथों पर इक्का-दुक्का मतदाता ही समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं।
बुधईपुरवा निवासी रवि कुमार सिंह अपनी मां सुमन सिंह के मतदाता विवरण में सुधार कराने पहुंचे। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची और आधार कार्ड में मां का नाम अलग-अलग दर्ज है। इसके अलावा पते और मोबाइल नंबर में भी त्रुटि है। इन्हें ठीक कराने के लिए उन्होंने आवेदन किया।
पसका संवाद के अनुसार, परसपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय परसपुर प्रथम स्थित बूथ संख्या 214 से 217 तक आवेदन लिए गए। वार्ड नंबर तीन निवासी मतीन ने फोटो और मोबाइल नंबर में सुधार कराया। फिजा नाम जुड़वाने पहुंचीं। राजपुर दक्षिणी की सपना तिवारी, विजय तिवारी, अजय कुमार तिवारी और नीलम ने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-छह भरा।
तीन तरह के फाॅर्म से कर सकते हैं आवेदन
डीएम प्रियंका निरंजन ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सभी बीएलओ मौजूद मिले। उन्होंने मतदाताओं से सूची में अपना नाम और विवरण जांचने की अपील की। नाम जुड़वाने के लिए फाॅर्म-छह, मृतक, स्थानांतरित या डुप्लीकेट नाम हटाने के लिए फाॅर्म-सात और विवरण में संशोधन या पता बदलने के लिए फाॅर्म-आठ भरा जा सकता है। आवेदन बीएलओ, मतदाता पंजीकरण केंद्र, तहसील या जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं। इसके अलावा voters.eci.gov.in और ईसीआईनेट मोबाइल एप से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है।
विशेष शिविर में फॉर्म जमा करते बीएलओ। संवाद