परसपुर (गोंडा)। राजमंदिर से अष्टधातु की बेशकीमती तीन मूर्तियां व सिंहासन चोरी होने की वारदात का खुलासा न होने से लोगों में आक्रोश पनप रहा है। परसपुर विकास मंच के अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार सिंह और भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष राम सुंदर पांडेय ने नाराजगी जताते हुए सवाल उठाए हैं। साथ ही आंदोलन की चेतावनी दी है।
परसपुर के राजमंदिर से मूर्तियों की चोरी के मामले को लेकर लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि थाने से पांच सौ मीटर दूर स्थित मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। मगर पुलिस को भनक तक नहीं लग सकी। डॉ. अरुण कुमार सिंह व राम सुंदर पांडेय ने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर एक सप्ताह के अंदर पुलिस चोरी गई मूर्तियों की बरामदगी कर चोरों की गिरफ्तारी नहीं करती है तो सामाजिक संगठनों के साथ आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। नवनियुक्त थानाध्यक्ष अनुज त्रिपाठी ने बताया की मूर्तियों की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें लगी हुई हैं। कई बिंदुओं पर काम हो रहा है। शीघ्र ही चोरों का पता लगा कर मूर्तियां बरामद की जाएंगी।