गोंडा। गोरखधाम एक्सप्रेस में सफर के दौरान तबीयत बिगड़ने से एक यात्री की मौत हो गई। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और जीआरपी की टीम गोंडा स्टेशन पहुंची। शव को ट्रेन से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जीआरपी प्रभारी पंकज कुमार यादव ने बताया कि नेपाल के काठमांडू निवासी मोती नारायण रोहतक से गोरखपुर जा रहे थे। उनका आरक्षण बी-3 कोच की सीट संख्या 17 पर था। यात्रा के दौरान लखनऊ और गोंडा के बीच उनकी तबीयत बिगड़ गई।
साथ में यात्रा कर रहे उनके भतीजे ने रेल कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद गोंडा स्टेशन पर रेलवे के उप मंडलीय चिकित्सालय के चिकित्सक, आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर यात्री की जांच की, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।