परसपुर (गोंडा)। परसपुर रियासत के प्राचीन राजमंदिर ठाकुरद्वारा से अष्टधातु की राम, लक्ष्मण व लड्डू गोपाल की मूर्तियां चोरी होने के बाद एसपी ने थानाध्यक्ष परसपुर को हटा दिया है। उनके स्थान पर सर्विलांस सेल के प्रभारी अनुज त्रिपाठी की परसपुर थानाध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, वारदात के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस समेत पांच टीमें लगाई हैं।
प्राचीन राजमंदिर ठाकुरद्वारा में पुजारी बुधवार शाम पूजा-अर्चना के बाद मुख्य गेट में ताला लगाकर घर चले गए थे। इसके बाद मंदिर से राम, लक्ष्मण व लड्डू गोपाल की अष्टधातु की मूर्तियां चोरी हो गई थीं। मामले में अज्ञात के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि वारदात के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। चोरी की अन्य घटनाओं के बारे में भी जानकारी की जा रही है। पुलिस हर पहलू पर नजर रख रही है। एसपी ने बताया कि परसपुर के तत्कालीन थानाध्यक्ष शरदेंदु कुमार पांडेय बीमारी के कारण लंबी छुट्टी पर गए हैं। इसलिए सर्विलांस सेल के प्रभारी अनुज त्रिपाठी की परसपुर थानाध्यक्ष पद पर तैनाती दी गई है।