फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धूमधाम से निकाला जुलूस-ए-मोहम्मदी

Mon, 12 Dec 2016 11:01 PM IST
अमर उजाला/बलरामपुर
विज्ञापन
जुलूस निकालते मुस्लिम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 हुजूर की आमद मरहबा, सरकार की आमद मरहबा... के नारों के साथ सोमवार को पूरे जिले में पैगंबर मोहम्मद साहब का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया। घरों व इबादतगाहों में लोगों ने कुरान की तिलावत कर वतन व कौम की सलामती की दुआ  मांगी। जुलूस में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर लोगों ने वतन परस्ती का जज्बा भी दिखाया। 
विज्ञापन


बारह-रबीउल-अव्वल के अवसर पर रविवार शाम से ही लोगों ने घरों व मस्जिदों में कुरान पाक की तिलावत की और पैगंबर मोहम्मद साहब को याद किया। रविवार रात तथा सोमवार सुबह नगर के नौशाहरा ईदगाह से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस की अगुवाई शहर मुफ्ती मौलाना मसीह अहमद कादरी ने की।

इसमें मौलाना शमीम कादरी, मौलाना अब्दुल वहाब, मौलाना कय्यूम,  मौलाना जैनुल आबदीन, मौलाना शाह आलम, कारी गुलाम सरवर आदि कई धर्म गुरु शामिल रहे। जुलूस वीर विनय चौराहा, सराय फाटक, चौक, बड़े पुल, गर्ल्स कॉलेज होते हुए मेजर चौराहा से निकलकर प्राइवेट बस स्टैंड पर आकर समाप्त हुआ। जुलूस में लोगों ने हुजूर की आमद मरहबा, सरकार की आमद मरहबा... के नारे लगाकर मोहम्मद साहब के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
विज्ञापन


जुलूस के रास्ते में सपा नेता राकेश यादव, कांग्रेस नेता बबिता आर्य, डॉ. इकबाल अहमद, शफीउल्लाह व हारिश बिन खालिद, पूर्व विधायक धीरू सिंह, सदर विधायक जगराम पासवान, पूर्व विधायक राम सागर अकेला आदि ने जुलूस पर फूल बरसाए तथा धर्म गुरुओं का स्वागत किया।

जुलूस में ऊंट, घोड़ा व तोप आदि की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि इकबाल जावेद ने चौक बाजार में जुलूस-ए-मोहम्मदी पर पुष्प वर्षा कर लोगों का स्वागत किया। जुलूस की निगरानी पीस पार्टी जिलाध्यक्ष शाबान अली ने की तथा पड़ाव के निकट दुकान पर जुलूस पर पुष्प वर्षा कर अकीदतमंदों का स्वागत किया।

उतरौला संवाद सूत्र के मुताबिक नगर में जुलूस-ए-मोहम्मदी बरदही बाजार से निकल कर श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहे पर समाप्त हुआ। यहां मौलाना रियाज हैदर हनफी ने जुलूस को संबोधित करते हुए देश की तरक्की, अमन-चैन व भाईचारे के लिए दुआ मांगी।

जुलूस में सपा विधायक आरिफ अनवर हाशमी, पूर्व विधायक अनवर महमूद, मोहम्मद इदरीश, उतरौला ब्लॉक प्रमुख लकी खां, पीस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अब्दुल मन्नान आदि शामिल थे। उधर, तुलसीपुर, गैसड़ी, पचपेड़वा व मथुरा बाजार आदि स्थानों पर भी जुलूस-ए-मोहम्मदी निकालकर लोगों ने पैगंबर मोहम्मद साहब को याद करते हुए अमन-चैन की दुआ मांगी। 
विज्ञापन

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें