गोंडा। विवेचना से नाम निकालने को लेकर एक लाख रुपये घूस मांगने का मामला एक बार फिर गर्मा गया है। आरोपी तत्कालीन चौकी प्रभारी डुमरियाडीह (मौजूदा खोरहंसा) गोपाल सिंह के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा रूंगटा ने थानाध्यक्ष वजीरगंज को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
नवाबगंज के लौव्वा वीरपुर निवासी विनय कुमार यादव ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर कहा कि भटबभनी बाबा बालेश्वरनाथ वजीरगंज निवासी रिश्तेदार विपिन कुमार यादव ने गांव के तीन लोगों के खिलाफ मारपीट व धमकी समेत विभिन्न आरोपों में थाना वजीरगंज में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसकी पैरवी वह कर रहे थे। इसलिए आरोपियों ने फंसाने की नीयत से छेड़खानी का मुकदमा दर्ज करा दिया।
उन्होंने चौकी प्रभारी गोपाल सिंह को बताया कि रिश्तेदार की पैरवी के कारण फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया है। चौकी प्रभारी ने सच्चाई जानने के बाद भी मुकदमे से नाम निकालने के लिए एक लाख रुपये की मांग की। इसकी ऑडियो रिकाॅर्डिंग भी उनके पास हैं। इसी मामले में चौकी प्रभारी को पुलिस कप्तान ने लाइनहाजिर भी कर दिया था।
विभागीय जांच के आदेश दिए थे। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने थानाध्यक्ष वजीरगंज को चौकी प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। 10 दिन में आख्या भी अदालत के समक्ष प्रस्तुत करनी है।