गोंडा। मोतीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक महिला ने युवक पर दुष्कर्म और उसका वीडियो बनाने का आरोप लगाकर पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई थी। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद एसपी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए थानाध्यक्ष मोतीगंज को कार्रवाई के आदेश दिए हैं। आरोपी ने जमीन दिलाने के बहाने महिला से 18 लाख रुपये रुपये लिए थे। रकम वापस मांगने पर वीडियो वायरल करने व जान से मारने की धमकी दी।
मोतीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक महिला ने थाने में दी तहरीर में कहा कि 20 जुलाई को उसका पति घर पर नहीं था। उसके गांव का रहने वाला एक युवक उसके घर पहुंचा और जमीन दिलाने की बात करने लगा। महिला का आरोप है कि वह चाय बनाने रसोईं में गई तो युवक ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और दुष्कर्म किया। इसी बीच युवक ने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया। लोकलाज के डर से उसने पुलिस में शिकायत नहीं की।
महिला ने बताया कि 22 सितंबर को आरोपी के घर पहुंची तो आरोपी युवक ने अपने पुराने घर पर बुलाया। वहां भी उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का अरोप है कि युवक ने न उसके पैसे वापस किए और मांगने पर वीडियो वायरल करने के साथ ही जान से मारने की धमकी दे रहा है। अमर उजाला ने खबर प्रकाशित किया। मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष को कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
थानाध्यक्ष मोतीगंज ब्रह्मानंद सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला ने तहरीर दी है। अभी तक की जांच में रुपये लेने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक की तलाश कराई जा रही है। युवक के मिलने के बाद ही पूरे मामले की कार्यवाही की जाएगी।