गोंडा। विकास खंड छपिया के खालेगांव मसकनवा स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज उपेक्षा का शिकार है। शिक्षकों की कमी के चलते विद्यालय में पठन-पाठन का कार्य सुचारु रूप से संभव नहीं हो पा रहा है। क्षेत्र में बालिकाओं की शिक्षा के लिए विद्यालय की स्थापना वर्ष 1962 में हुई थी।
प्रभारी प्रधानाचार्या आभा मिश्रा ने बताया कि विद्यालय में कक्षा एक से बारह तक पढ़ने वाली छात्राओं की संख्या 264 है। विद्यालय में हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, इतिहास, शिक्षाशास्त्र, समाजशास्त्र, भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान विषय केे स्वीकृत नौ प्रवक्ता पदों में सभी पद रिक्त पड़े हैं।
वहीं एलटी ग्रेड के स्वीकृत 13 पदों में पांच पद व प्राथमिक के सभी पद रिक्त हैं। चतुर्थ श्रेणी पदों में चौकीदार, स्वीपर सहित अन्य पद रिक्त पड़े हैं। विद्यालय भले ही इंटर कॉलेज है, लेकिन विद्यालय का भवन हाईस्कूल स्तर की है। जिससे कक्षाओं के संचालन में भी परेशानियां हो रही हैं।
विद्यालय में बने प्रधानाचार्या, शिक्षिका व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के आवास जर्जर हैं। सभी हैंडपंप रिबोर की स्थिति में हैं। विद्यालय में बाउंड्रीवॉल का निर्माण कार्य पूरा नहीं है। विद्यालय की रंगाई पुताई नहीं हुई है। प्रभारी प्रधानाचार्या ने बताया कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी तथा अन्य समस्याओं से विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया है।