गोंडा। राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026-27 के आयोजन को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने जिले के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों को निर्देश दिए हैं। विद्यालयों से कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों की दो सदस्यीय टीम बनाकर एनसीएससी डॉट इन ऑनलाइन पंजीकरण कर शोध आधारित परियोजनाओं में प्रतिभाग किया जा सकता है।
डीआईओएस ने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार रखा गया है। इसके तहत अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा, जल संरक्षण एवं प्रबंधन, खाद्य-कृषि एवं स्वास्थ्य तथा सतत विकास के लिए भारतीय ज्ञान प्रणाली के अनुप्रयोग जैसे पांच उप-विषयों पर स्थानीय समस्याओं से जुड़े शोध आधारित प्रोजेक्ट तैयार किए जाएंगे। सभी पात्र छात्र-छात्राओं का ऑनलाइन पंजीकरण 31 जुलाई तक अनिवार्य रूप से पूरा कराया जाए।