मसकनवा (गोंडा)। एलटी लाइन में एचटी लाइन का करंट दौड़ने से खंभे में करंट दौड़ गया। पोल के पास दुकान कर रहा एक युवक उसकी चपेट में आ गया जिससे उसकी मौत हो गई। एचटी लाइन करंट आने के कारण बाजार में कई दुकानों व घरों के उपकरण भी फुंक गए।
शुक्रवार को करीब तीन बजे मसकनवा विद्युत उपकेंद्र के चांदनी चौक बाजार में खंभे पर हाई वोल्टेज करंट आने से बाजार में जूते की दुकान कर रहे एक 22 वर्षीय युवक अर्जुन भारती पुत्र राम निवास गंभीर रूप से झुलस गया।
उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपिया ले जाया गया। यहां चिकित्सक डॉ. सुशील सुरतानी ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक पास के पायरखास गांव का रहने वाला था और जूते चप्पल की मरम्मत कर अपनी रोजी रोटी चलाता था।
एचटी लाइन की सप्लाई एलटी लाइन में होने के कारण बाजार के राकेश, ननके, शाहिद, अंसारी, मिथलेश वर्मा, डॉ. एकके मिश्रा, संदीप सिंह, राम फल आदि लोगों के यहां के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जल गए।
एसडीओ विद्युत अश्विन कुमार ने बताया कि कई दिनों से लाईन खराब चल रही थी। ठीक करने के बाद ट्रायल लिया जा रहा था। अचानक हाई टेंशन लाइन में करंट आ गया। प्रभारी निरीक्षक श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है।