गोंडा के गुनौरा गांव में गिरी मिट्टी की दीवार।
- फोटो : GONDA
करनैलगंज(गोंडा)। एक कच्चा घर गिरने से एक मवेशी की मौत हो गई वहीं परिवार के तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय तहसील के अंतर्गत ग्राम सभा दत्तनगर के मजरा डैनियागंज में बुधवार की रात्रि कच्चा मिट्टी का घर गिरने से एक गाय की मौके पर मौत हो गयी। साथ ही लगभग एक भैंस सहित चार जानवर और परिवार के सदस्य घायल हो गये।
यहां के निवासी लाल बिहारी मिश्र पुत्र शिवराम ने बताया कि वह अपने परिजनों के साथ कच्ची दीवार के सहारे अपना कच्चा घर बनाकर उस पर छप्पर रखकर अपना जीवन यापन करते थे। कुछ मवेशी का पालन कर दूध का व्यापार कर जीविका चलाते थे। बीती रात वे रोजमर्रा की तरह कार्य निपटाकर अपने परिवारीजनों के साथ छप्पर के नीचे सो रहे थे। उसी नीचे मवेशी भी बंधे थे।
रात में अचानक दीवार गिरने के बाद हल्ला गुहार मचाने के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह सभी लोगों को बचाया। मगर दीवार के नीचे दबकर एक गाय की मौके पर मौत हो गयी और बाकी जानवर के साथ ही परिवार के तीन लोग भी घायल हो गए है। घायलों का इलाज हो गया है। एसडीएम ज्ञान चंद गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। मौके पर लेखपाल को भेजकर जांच कराई जाएगी। यदि आवासीय कच्चा घर गिरा है और मवेशी की मौत हुई है तो सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।