पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ गुरुवार को वकीलों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने दुर्घटना के दर्ज मामले में पुलिस पर कार्रवाई में शिथिलता बरतने का आरोप लगाया। एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। तीन दिन के अंदर कार्रवाई न होने पर वकीलों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
अधिवक्ता संघ उतरौला के अध्यक्ष विजय प्रकाश व मंत्री अखिलेश सिंह के नेतृत्व में वकीलों ने एसडीएम रामकेर सिंह यादव को ज्ञापन सौंपा। वकीलों ने कहा है कि 13 जून को सुरेश श्रीवास्तव के वाहन के पीछे अनियंत्रित वाहन के ठोकर मारने से वकील का दाहिना पैर टूट गया था।
वकील का इलाज गोंडा के एक अस्पताल में कराया जा रहा है। वकील की तहरीर पर पुलिस ने मामले में केस भी दर्ज किया है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद भी उतरौला कोतवाली की पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
पुलिस की शिथिलता को लेकर वकीलों में आक्रोश व्याप्त है। वकीलों ने एसडीएम से मांग की है कि दुर्घटना करने वाले वाहन को तत्काल सीज किया जाए और अभियुक्त की गिरफ्तारी भी कराई जाए। तीन दिन के अंदर कार्रवाई न होने पर वकीलों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन सौंपते समय अजीत सिंह, अमित, रवि मिश्रा, रमेश गुप्ता, फरीद आरजू, प्रवीण व अनीसुल हसन आदि मौजूद रहे।