त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन के तहत होने जा रहे प्रधानी के चुनाव को सभी अधिकारी बेहद गंभीरता से लें तथा माइक्रो प्लान के तहत कार्य करें, जिससे चुनाव को निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराया जा सके। मंगलवार को यह निर्देश देवीपाटन मंडल के आयुक्त मुरलीधर दूबे ने आयुक्त कार्यालय में पंचायत चुनाव की तैयारियों एवं कानून व्यवस्था की मंडलीय समीक्षा करने के दौरान सभी जिलाधिकारियों व पुलिस अधीक्षकों को दिए।
आयुक्त ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदान का समय आधा घंटा घटाकर सुबह सात से सायं साढ़े चार बजे तक कर दिया गया है। इसलिए सभी इस बात का विशेष ध्यान रखें कि समय के परिवर्तन के कारण कहीं पर किसी भी प्रकार की समस्या न उत्पन्न हो।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि जिला पंचायत और बीडीसी चुनाव की अपेक्षा प्रधानी के चुनाव में और अधिक सतर्कता बरती जाए। ऐसे अपराधी जिन पर जिला बदर की कार्रवाई होनी है अथवा हो चुकी है या जिला बदर की समयावधि पूरी हो रही हो तो तत्काल ऐसे अपराधियों की जिला बदर अवधि बढ़ा दी जाए।
उन्होंने केंद्रों पर मतदान कार्मिकों के बैठने एवं मतदान कराने के लिए समुचित प्रबंध कराने के भी निर्देश दिए। पिछले संपन्न हुए जिला पंचायत एवं बीडीसी चुनाव के दौरान मतपत्रों के आवंटन में हुई गड़बड़ी को पुन: न दोहराने की आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है।
आरटीओ को निर्देश दिए कि पोलिंग पार्टियों को मतदान स्थल तक ले जाने के लिए अभी से पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था कर ली जाए।
मंडल के जनपदों के ऐसे पोलिंग सेंटर जहां पर 4-5 से अधिक बूथ हों, उन सभी मतदान केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती हर हाल में की जाए। आयुक्त ने सभी अधिकारियों को सख्त आदेश दिए कि आदर्श चुनाव आचार संहिता का हर हाल में अनुपालन कड़ाई से कराया जाए।
आयुक्त ने दुर्घटनाओं में हो रही वृद्धि पर चिंता व्यक्त करते हुए आरटीओ को निर्देश दिए कि हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाएं जाएं।
कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीआईजी जेपी सिंह ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि आगामी सर्दी के मौसम के दृष्टिगत सभी एसपीए, एएसपी व सीओ तथा थानाध्यक्ष रात्रि गश्त पर जरूर निकलें।