गोंडा। तापमान में आई गिरावट के कारण चल रही शीतलहर के मद्देनजर जनपद के नर्सरी से आठवीं तक के सभी स्कूलों में दो दिनों के लिए शिक्षण कार्य बंद कर दिए गए हैं। मगर सभी विद्यालयों में शिक्षक, अनुदेश व शिक्षामित्र स्कूूूलों में मौजूद रहकर विभागीय कार्य निपटाएंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनिराम सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से तापमान में अचानक गिरावट आ गई। इससे शीतलहर चलने लगी है।
शीतलहर के कारण जिलाधिकारी डॉ. नितिन बंसल ने नर्सरी से आठवीं तक के समस्त मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त एवं समस्त परिषदीय, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 27 व 28 दिसंबर तक शिक्षण कार्य स्थगित करने के निर्देश दिए हैं। मगर इन दो दिनों में समस्त शिक्षक, अनुदेशक व शिक्षा मित्रों को अपने-अपने विद्यालयों में उपस्थित रहकर विभागीय कार्य कायाकल्प, मानव-सम्पदा, निष्ठा, लर्निंग आउटकम से सम्बंधित कार्यों एवं अन्य अभिलेखीय कार्यों को निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। बीएसए ने बताया कि 30 दिसंबर को पुन: सभी विद्यालय समय से खुलेंगे।