गोंडा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के विद्यार्थियों के लिए यह राहत भरी खबर है। अब कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को किताबों की खरीद के लिए दुकानों पर लाइन नहीं लगाना पड़ेगी। अब वह घर बैठे अपनी पाठ्य पुस्तकें मंगा सकेंगे। इसके लिए उन्हें कोई अतिरिक्त डिलीवरी शुल्क भी नहीं चुकाना होगा।
नई व्यवस्था के तहत कक्षा 9 और 10 के लिए हिंदी, विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और संस्कृत समेत कई विषयों की पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों के लिए अंग्रेजी, फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी, गणित, इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, बिजनेस स्टडीज, अकाउंटेंसी और होम साइंस जैसी विषयों की किताबें भी शामिल होंगी। कुल 36 विषयों की करीब 70 पुस्तकें इस योजना में उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिले में कक्षा 9 से 12 तक 90 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं का पंजीकरण है। विद्यार्थियों को कम कीमत पर एनसीईआरटी आधारित पुस्तकें उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बोर्ड की ओर से ऑनलाइन माध्यम से विद्यार्थियों के घर तक पुस्तकें पहुंचाने की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। छात्र अमेजन और पायनियर बुक्स के ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपनी पाठ्य पुस्तकों का चयन कर ऑर्डर कर सकेंगे। डीआईओएस डॉ. रामचंद्र ने बताया कि नई व्यवस्था से विद्यार्थियों और अभिभावकों को सही कीमत के साथ समय पर किताबें मिलने की सुविधा मिल सकेगी।