। विधान सभा चुनाव की आखिरी बाधा पार करने की जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। जिला प्रशासन अब मतगणना की तैयारी में जुट गया है। जिले की कुल सात विधान सभा सीटों की 84 मतगणना टेबल लगाई जाएगी। मतगणना 11 मार्च को कृषि उत्पादन मंडी समिति में होनी है। मतगणना कार्य में 532 कार्मिकों को लगाया जाएगा।
विधान सभा चुनाव में जिले में सात विधान सभा सीटों पर 27 फरवरी को मतदान हुआ था। मतदान के बाद सभी ईवीएम कृषि उत्पादन मण्डी समिति परिसर में बने स्ट्रांग रूम में रखी हैं। मण्डी समिति परिसर में ही मतों की गणना होनी है।
जिला प्रशासन ने मतणना को लेकर खाका तैयार कर लिया है। अलग-अलग विधानसभा वार मतों की गणना के लिए 14-14 टेबल लगाये जाएंगे। इसके अलावा एक-एक टेबल और मतों को कम्पाईल व पर्यवेक्षणीय अधिकारियों के लिए लगेगी।
मतगणना कार्य में मतगणना कार्मिक व मतगणना पर्यवेक्षक लगाए जाएंगे। मतगणना प्रक्रिया को देखने के लिए उम्मीदवार व उसकी ओर से नामित अभिकर्ताओं को ही मतणना स्थल पर जाने की इजाजत मिल सकेगी। मतणना प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए मतगणना प्रक्रिया की निगहबानी क्लोज सर्किट कैमरे से भी की जाएगी।
11 मार्च को होने वाली मतगणना देखने के लिए उम्मीदवारों की ओर से नामित टेबलवार 14 मतगणना अभिकर्ताओं को लगाया जाएगा। सभी अभिकर्ता टेबल पर ईवीएम में मतों की संख्या आसानी से देख सकेंगे। जितने टेबल पर मतगणना होगी उम्मीदवारों की ओर से उतने ही मतगणना अभिकर्ताओं को प्रशासन की ओर से फोटो युक्त पास जारी किया जाएगा।