मनकापुर के सुभाष नगर में ड्रोन से छिड़काव करते कर्मी। स्रोत: विभाग
गोंडा। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत मच्छरों की उड़ान रोकने के लिए ड्रोन से एंटी लार्वा का छिड़काव किया जाएगा। मनकापुर के सुभाषनगर में शनिवार शाम ड्रोन से छिड़काव का ट्रायल किया गया। अब सभी नगर पालिका, नगर पंचायतों व ग्रामीण क्षेत्रों में ड्रोन से ही मच्छरों का खात्मा किया जाएगा।
संचारी रोगों ने निजात के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अब ड्रोन से छिड़काव की प्लानिंग की गई है। इससे दवाओं के दुष्प्रभाव की संभावना कम रहती है। ड्रोन का इस्तेमाल उन जगहों पर भी किया जा सकता है जहां नगर पालिका व नगर पंचायतों की गाड़ियां नहीं पहुंच पाती हैं। ड्रोन के साथ 10-12 लीटर की क्षमता का एक कंटेनर लगाया गया है, जिसमें एंटी लार्वा दवा भरी जाती है।
एसीएमओ डॉ. सीके वर्मा ने बताया कि अभी मनकापुर नगर पंचायत क्षेत्र में ड्रोन से छिड़काव का रिहर्सल किया गया है। अब पूरे जिले में ड्रोन से एंटी लार्वा दवा के छिड़काव की तैयारी है। इससे मच्छरों का प्रकोप काम करने में मदद मिलेगी।