बेलसर (गोंडा)। हेलमेट को अपने कपड़ों के साथ शामिल करें। जुर्माने से बचने के लिए नहीं, जान बचाने के लिए हेलमेट पहनें। ये बात सोमवार को एएसपी (पश्चिमी) राधेश्याम राय ने कहीं। वह रगड़गंज बाजार के एक मैरिज हाॅल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्राय: देखा जाता है कि लोग हाथ में ही हेलमेट लटकाकर चलते हैं, ऐसा कतई न करें। सिर सलामत है, तो सब सलामत है। ध्यान रखें, परिवार आपका इंतजार कर रहा है।
उन्होंने साइबर अपराध से बचाव के तरीके भी बताए। कहा, यूपी का जिला मथुरा साइबर क्राइम में सबसे आगे है। वहां के युवाओं ने साइबर अपराध को अपना व्यवसाय बना लिया है। ऐसे में सावधानी बरतकर बचाव करें। किसी को भी ओटीपी न बताएं, फेसबुक पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट न स्वीकार करें। अनजान लोगों की वीडियो कॉल न स्वीकार करें। साइबर अपराध भय का सौदा है। गलत लोगों को ब्लॉक कर दें। मांगने पर पैसे न दें। पुलिस की वर्दी में भी साइबर अपराधी वीडियो कॉल करते हैं। ऐसे में डरने की जरूरत नहीं है। हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल सूचना दर्ज कराएं। कार्यक्रम में अपराध निरीक्षक तरबगंज चंद्रमोहन सिंह, रगड़गंज चौकी प्रभारी अजय कुमार तिवारी, व्यापारी नेता निखिल सिंह, रामकुमार गुप्ता, सूरज सिंह, शिवशंकर कौशल, अर्जुन सिंह आदि मौजूद रहे।