गोंडा। मेडिकल कॉलेज में बाहरी लोगों को लेकर अमर उजाला की खबर का बड़ा असर हुआ है। सोमवार को यहां पर नौ बाहरी पकड़े गए हैं, जो बिना किसी कारण के मेडिकल कॉलेज में घूम रहे थे। इन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है। जहां-जहां यह लोग मिले हैं, उनसे संबंधित चिकित्सकों से जवाब मांगने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, ओटी प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
तीन मई के अंक में अमर उजाला ने आईडी न ड्रेसकोड ओटी में लूडो खेल रहे बाहरी शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद सोमवार को चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एमडब्ल्यू खान ने सुरक्षा कर्मियों के साथ दोपहर बाद अस्पताल के विभिन्न ओपीडी व ओटी का औचक निरीक्षण किया। बताया कि विभिन्न स्थानों पर नौ ऐसे संदिग्ध मिले, जो अस्पताल आने का उचित कारण नहीं बता सके। कोई बीमार होने का बहाना बता रहा तो कोई तीमारदार होने का। इन्हें चेतावनी देकर भगा दिया गया है। वहीं जिस-जिस स्थान पर बाहरी मिले हैं, संबंधित चिकित्सक व प्रभारी से स्पष्टीकरण के लिए पत्र तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि ओटी जैसे संवेदनशील स्थान तक बाहरी लोग कैसे पहुंच गए और आराम से बैठे लूडो खेल रहे हैं। इसको लेकर ओटी प्रभारी सहित शनिवार को ऑपरेशन करने वाले सर्जनों से स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा।