लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मंगलवार को अमर उजाला की ओर से सम्मानित हुए मेधावी छात्र-छात्राओं ने लौटकर अमर उजाला की तारीफों के पुल बांधी दिए। सम्मान पाने के बाद गदगद मेधावियों ने कहा कि अमर उजाला जिस तरह बच्चों को सम्मानित कर उनका मार्ग प्रशस्त करता है और अखबार के माध्यम से युवाओं को प्रेरित करता है, इससे पूरी तरह स्पष्ट है कि अमर उजाला युवाओं का अखबार है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. वीरेंद्र कुमार दूबे ने भी अमर उजाला के इस आयोजन की जमकर सराहना की और कहा कि यह अखबार युवाओं व विद्यार्थियों के लिए कुछ न कुछ पहल करता रहता है। इससे पढ़ने वाले बच्चों का मनोबल अवश्य बढ़ेगा।
इंटर की टॉपर खुशबू मिश्रा ने कहा कि अमर उजाला हर बार युवाओं व मेधावियों को सम्मानित करता है। सामाजिक सरोकारों के साथ मेधा को पहचानने के साथ-साथ उनके लिए प्रेरक की भूमिका निभाता है। आज मुख्यमंत्री के हाथ से सम्मान पाकर और समाचार पत्र की इस भूमिका से आगे भी बेहतर परिणाम देने की प्रेरणा मिली है।
हाईस्कूल की टॉपर आकांक्षा वर्मा ने चहकते हुए कहा कि सम्मान मिलना अपने आप में खुशी प्रदान करता है। अमर उजाला अखबार हर बार विद्यार्थियों को सम्मानित करता है। इससे हमें और आगे बढ़ने की सीख मिली है। पहला अवसर है जब किसी अखबार ने मेधावियों को सम्मानित किया और मुख्यमंत्री ने हम लोगों को आगे बढ़ने व पढ़ने के लिए प्रेरित किया।
हाईस्कूल के टॉपर धर्मेंद्र तिवारी ने कहा कि लखनऊ के किसी बड़े आयोजन में वह पहली बार गए थे और जिस तरह से अमर उजाला अखबार ने हम बच्चों को सम्मान के साथ आगे बढ़ने की सीख दी है, उस मार्ग पर चलकर और कुछ करने की प्रेरणा मिली है। सुना है हर साल अमर उजाला छात्रवृत्ति परीक्षा भी कराता है अब उस परीक्षा को पास कर छात्रवृत्ति हासिल करना लक्ष्य होगा।
कक्षा दस की टॉपर निशा शुक्ला ने कहा कि हम युवाओं का प्रेरणास्रोत बनकर अमर उजाला ने हौसला अफजाई की है। सम्मान व मंच देकर समाचार पत्र ने यह सही साबित कर दिया है कि अमर उजाला नंबर वन है। सामाजिक सरोकार में अमर उजाला की भूमिका सराहनीय है। इसके लिए अमर उजाला को धन्यवाद।