टिकरी। नरेंद्रपुर गांव में स्ट्रीट लाइट जलाने के लिए रविवार की देर शाम हुए विवाद के बाद पड़ोसी दंपती ने जगदंबा प्रसाद (70) को डंडे से पीटकर मरणासन्न कर दिया। परिजन उन्हें राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज अयोध्या ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में आरोपी दंपती के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है।
गांव की सुनरा देवी का आरोप है कि उनके घर के पास लगे बिजली के पोल पर ग्राम पंचायत की तरफ से स्ट्रीट लाइट लगी है। रविवार देर शाम अंधेरा होने के बाद उनके बेटे प्रमोद ने स्ट्रीट लाइट जला दी। लाइट जलते ही पड़ोसी बड़कन्नू उर्फ समर सिंह उसे गाली देने लगा। शोर सुनकर ससुर जगदंबा प्रसाद (70) भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गाली देने से मना किया। आरोप है कि इसी दौरान बड़कन्नू और उसकी पत्नी गंगाजली उर्फ मजहा ने डंडे और ईंट से जगदंबा को पीटने लगे।
शोर शराबा सुनकर गांव के तमाम लोग आ गए। इसके बाद आरोपी भाग निकले। घायल को इलाज के दौरान अयोध्या के मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उन्हें बचाया नहीं जा सका। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि सुनरा देवी की तहरीर पर बड़कन्नू उर्फ समर सिंह और उसकी पत्नी गंगाजली उर्फ मजहा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
रोते-रोते पत्नी हुई बदहवास
जगदंबा खेती करते थे। परिवार में पत्नी बदामा देवी, दो बेटे बृजमोहन और छोटेलाल हैं। दोनों विवाहित हैं। छोटेलाल दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। पिता के मौत की खबर मिलते ही वह भी घर आ गए। बुजुर्ग की मौत से परिवार के लोगों को रो-रोकर हाल बेहाल है। पत्नी बदामा देवी रोते-रोते बदहवास हो गईं।
जगदंबा प्रसाद की फाइल फोटो।