फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लापरवाही : रोज दो लाख लीटर पानी जा रहा गटर में

विज्ञापन
गोंडा के पोर्टरगंज मोड़ पर पानी की पाइप लाइन फट जाने के कारण बह रहा पानी। - फोटो : GONDA
विज्ञापन
गोंडा। यहां एक तरफ पानी की बरबादी को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने में सरकार लाखों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूूसरी तरफ शहर के देखभाल की जिम्मेदार नगर पालिका रोजाना लगभग 2 लाख लीटर पीने का पानी गटर में बहा रही है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि शहर में जहां भी पानी की पाइपलाइन का रिसाव हो रहा है उसकी जिम्मेदार खुद नगर पालिका ही है। अब हाल ये है कि लगातार सड़क पर रोजाना लाखों लीटर पानी जाया हो रहा है लेकिन जिम्मदार इस ओर से अपनी आंखें मूंदे हुए हैं।
विज्ञापन

बताया जा रहा है कि सुबह और शाम को दो शिफ्ट में 4-4 घंटे नगर पालिका की ओर से पीने के पानी की सप्लाई की जाती है। इस तरह से रोज आठ घंटे ये पानी सड़कों पर बह रहा है। खास बात ये है कि इस लापरवाही को सुधारने में नगर पालिका की ओर से बड़ी लापरवाही बरती जा रही है। बता दें कि शहर के पोर्टरगंज मोहल्ले में फोरलेन पर शहर को स्ट्रीट लाइट से रोशन करने के लिए शुरू हुई कवायद में गड्ढा खोदते समय पाइप लाइन फट गई। जिसे अभी तक नहीं सही कराया गया है। एक महीने से अधिक का समय बीत गया है, लेकिन अभी भी केवल कार्रवाई की बात कहकर जिम्मेदार अपना पल्ला झाड़ रहे हैं।
शहर में इन जगहों पर बह रहा है पानी
- स्टेशन रोड पर इलाहाबद बैंक के पास
- छेदीपुरवा में दुखहरण नाथ मंदिर
- सिंचाई विभाग के मुख्य गेट पर
- एलबीएस चौराहे के पास
- पोर्टरगंज के पास दो जगह पाइपलाइन फटी
शहरवासियों को मिल रहा गंदा पानी
शहर में लोगों को पीने का साफ पानी मुहैया कराने की जिम्मेदारी नगर पालिका की है। लेकिन इतनी जगह पाइपलाइन में लीकेज होने से लोगों को पीने का साफ पानी भी नहीं मिल पा रहा है। बताया जा रहा है कि जब पानी की सप्लाई बंद हो जाती है तो सड़क का गंदा पानी लीकेज की जगहों से पाइपलाइन में वापस जा रहा है। कई बाद इसकी शिकायतें लोगों ने नगर पालिका में की हैं। लेकिन इसके निस्तारण के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं किये गये।
विज्ञापन

बजट है फिर भी काट रहे कन्नी
बताया जा रहा है कि शहर में बड़गांव से लेकर पोर्टरगंज तक सप्लाई के लिए मुख्य पाइपलाइन पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। शासन से इसके लिए 5 करोड़ रूपये का बजट भी दिया गया है। लेकिन पीडब्ल्यूडी और नगर पालिका की रार में पाइपलाइन नहीं बदली जा सकी है। इसका सबसे बड़ा कारण फोरलेन को माना जा रहा है। क्योंकि पाइपलाइन बदलने के लिए फोरलेन को तोड़ना पड़ेगा।
सड़क पर पानी बहने से हो रही है परेशानी
शहर के पंतनगर निवासी संतोष चौबे, जनार्दन, मुकेश व विष्णु ने बताया कि एक महीने के अधिक समय से सड़क पर पानी बह रहा है। कई बार लोगों ने इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। सब्जी के दुकानदार मसासी राम ने बताया कि लगातार पानी बहने से सड़क के किनारे हमेशा पानी जमा रहता है जिससे आवागमन में परेशानी होती है।
पाइप लाइन फटने से दो लाख लीटर पानी जा रहा वेस्ट
पोर्टरगंज सहित अन्य पांच जगहों पर सड़क निर्माण व स्ट्रीट लाइट के लिए जगह बनाने पर पाइप लाइन फट गई जिससे करीब दो लाख लीटर पानी प्रतिदिन बेजा जा रहा है। लोक निर्माण विभाग से सड़क को काटने के लिए डायमंड कटर मांगा गया था लेकिन विभाग ने मना कर दिया।
-अर्चना, अवर अभियंता जलकल नपाप गोंडा
शहर में पाइपलाइन लीकेज के समस्या की जानकारी मिली है। टीम भेजकर उसे दिखवाया जायेगा। जल्द ही इस समस्या को दूर किया जायेगा। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अड़ियल रवैये से पाइपलाइन ठीक करने में दिक्कत पेश आ रही है। बिना पीडब्ल्यूडी के मंजूरी के कुछ नहीं किया जा सकता है।
विज्ञापन

-विकास सेन, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका, गोंडा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें