टिकरी। किशोरी के साथ अयोध्या एयरपोर्ट पर पकड़े गए मधवापुर निवासी इंसाद अली का पुलिस हैदराबाद कनेक्शन खंगाल रही है। किशोरी के साथ उसके अन्य साथियों से किए चैट की भी जांच की जा रही है, जिसमें अभी तक कई अहम जानकारी हाथ लगी है।
सीआईएसएफ ने नवाबगंज क्षेत्र निवासी किशोरी को इंसाद के साथ रविवार शाम अयोध्या एयरपोर्ट से पकड़ा था। पूछताछ में पता चला कि आरोपी उसे हैदराबाद ले जाने वाला था, जहां धर्म परिवर्तन कर निकाह करने की योजना थी। सीआईएसएफ ने इंसाद और किशोरी को नवाबगंज पुलिस के हवाले कर दिया।
किशोरी के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सोमवार को इंसाद के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पूछताछ में इंसाद ने पुलिस का बताया कि उसने सोशल मीडिया के माध्यम से किशोरी से नजदीकी बढ़ाई थी। हैदराबाद से पहले वह बंगलूरू की एक कंपनी में काम करता था। इंसाद के मोबाइल फोन की जांच में पुलिस को किशोरी के साथ ही बंगलूरू और हैदराबाद के लोगों से भी चैट के कई रिकॉर्ड मिले हैं।
ऐसे में पुलिस अब पता करने में जुटी है कि वे कौन लोग हैं और उनका पेशा क्या है। इंसाद का किशोरी को हैदराबाद ले जाने का मंसूबा क्या था। पुलिस इंसाद का बंगलूरू-हैदराबाद कनेक्शन जोड़कर किसी बड़ी खुलासे के करीब पहुंचने की कोशिश में है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। (संवाद)