रघुकुल विद्यापीठ खेल मैदान में टॉस उछालते सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह। स्रोत: महाविद्यालय
गोंडा। श्री रघुकुल महिला विद्यापीठ में मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय बलरामपुर की ओर से आयोजित अंतर महाविद्यालय महिला-पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को हुआ। उद्घाटन मैच में नंदिनी नगर महाविद्यालय नवाबगंज ने शक्ति स्मारक संस्थान बलरामपुर को एकतरफा मुकाबले में 10 विकेट से पराजित किया।
सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप जलाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। आयोजन सचिव लेफ्टिनेंट डॉ. हरिनाथ सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता 28 अक्तूबर तक चलेगी। उद्घाटन मुकाबले में शक्ति स्मारक संस्थान की पूरी टीम 20 ओवर के मैच में 11.2 ओवर में 60 रन बनाकर आउट हो गई। नंदिनी नगर महाविद्यालय के गेंदबाज निशांत ने ढाई ओवर में 15 रन देकर पांच विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नंदिनी नगर की टीम ने साजिद के नाबाद 45 रन की बदौलत बिना कोई विकेट गंवाए जीत हासिल कर ली। मैच में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के पैनल अंपायर अनिल अस्थाना और राजेंद्र गुप्ता ने अंपायरिंग की। विवि की ओर से पर्यवेक्षक के रूप में डॉ. सुधीर यादव और सूर्य यादव मौजूद रहे। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. प्रतिभा श्रीवास्तव, डॉ. उमा पाठक, डॉ. नीतू चंद्रा, नीरज सिंह, डॉ. ज्योति पांडेय, शशि तिवारी, सत्यभामा, हनीफा और हुमैरा समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।