गोंडा। मतदान केंद्रों पर वोट करने पहुंचे कई लोगों को बैरंग वापस लौटना पड़ा। किसी का वोटर लिस्ट से नाम गायब था तो किसी को मृतक दर्शाया गया था। एक वृद्ध जब वोट करने मतदान केंद्र पर पहुंचे और मतदान पर्ची के संग उन्होंने अपना आधार दिखाया तो मतदानकर्मी बोले, ये तो मर चुके हैं। पोलिंग ऑफिसर के सामने खड़े बुजुर्ग ने कहा कि मैं तो जिंदा हूं, इससे बड़ा सुबूत कोई नहीं है, मुझेे वोट डालने दीजिए। मगर वोटरलिस्ट में मृतक होने के कारण उन्हें वापस कर दिया गया।
कोतवाली नगर क्षेत्र के पथवलिया गांव के रहने वाले रामनरायन ने बताया कि कंपोजिट विद्यालय पथवलिया में बनाए गए बूथ पर वे वोट डालने गए थे। आरोप है कि मतदानकर्मी ने वोटरलिस्ट में मृतक होने का हवाला देते हुए उन्हें वापस कर दिया। इसी तरह शहर के आवास विकास कॉलोनी की रहने वाली नीलम श्रीवास्तव, पतिसा भोंका गांव के वाल्मीकि ओझा ने बताया कि उनका वोटरलिस्ट से नाम गायब होने पर वोट नहीं डाल सके। शहर के छेदीपुरवा के रहने वाले आदर्श कुमार ने बताया कि उनकी दादी भी इसी वजह से वोट नहीं डाल सकीं।