उमरी बेगमगंज (गोंडा)। थाना क्षेत्र उमरी बेगमगंज के परास पट्टी मझवार गांव में रविवार की रात घर से निकले एक युवक पर कुछ लोगों ने घर के बाहर ही धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला और फरार हो गए। मामले में युवक की पत्नी ने थाना उमरी बेगमगंज में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है।
परास पट्टी मझवार गांव के मौजा गोलहिया के रहने वाले अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि उसका छोटा भाई प्रवीण मिश्रा (35) रविवार की रात तकरीबन सात बजे घर के बाहर निकला था। घर में प्रवीण का बेटा चंदन (6) सो रहा था। बेटी गुंजन (8) पड़ोसी के घर में टेलीविजन देखने गई थी।
प्रवीण की पत्नी भी गांव में कहीं गई थी। अनिल के मुताबिक इसी बीच बिजली गुल हो गई। अंधेरे का फायदा उठाते हुए कुछ लोगों ने प्रवीण पर धारदार हथियार से अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया।
चीख सुनकर प्रवीण का भतीजा उमाकांत मिश्रा दौड़ा तो देखा कि प्रवीण मरणासन्न हालत में पड़ा है। उसकी जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। हत्या की सूचना पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर लोगों से जानकारी ली। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है।
मामले में पुलिस ने प्रवीण की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्या आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है।
प्रवीण मिश्रा के बड़े भाई अनिल ने बताया कि उसका भाई बहुत ही मिलनसार था। उसकी गांव में किसी से कोई रंजिश नहीं थी। अनिल ने बताया कि जिस समय घटना हुई उस समय वह घर पर मौजूद नहीं था। गन्ना लेकर बेचने के लिए मिल गया था। परिवार के लोग प्रवीण की हत्या को लेकर उलझ गए हैं। परिवार के हर एक सदस्य की जुबां पर सिर्फ एक ही सवाल है कि आखिर प्रवीण की हत्या क्यों की गई।