मुजेहना ( गोंडा )। दो माह पहले गल्ला व्यवसायी की हत्या के मामले में बुधवार को अदालत के आदेश पर थाना धानेपुर में गल्ला व्यवसायी के पिता ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या व साक्ष्य मिटाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना धानेपुर के बाबागंज कस्बे के रहने वाले ओमप्रकाश ने अदातल के आदेश पर थाने में बुधवार को दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि 31 अगस्त की दोपहर उसका बेटा अनिल कुमार 26 गल्ला बेंचकर घर लौटा तो उसके पास गल्ला बिक्री के 45 हजार रुपये थे। इसी बीच उसके मोबाइल फोन पर किसी की कॉल आई। कॉल करने वाले ने उसे कस्बे में बुला लिया। ओमप्रकाश के मुताबिक अनिल देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। देर रात उसका शव कोतवाली नगर क्षेत्र के सोनी गुमटी के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला।
ओम प्रकाश ने थाने में तहरीर दी। मगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। बुधवार को अदालत के आदेश पर ओमप्रकाश की ओर से थाना धानेपुर में कस्बा बाबागंज निवासी संतोष कुमार, सत्यदेव, भगौती, शिवप्रसाद व विकास सिंह निवासी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बाबागंज के विरुद्ध हत्या व साक्ष्य छिपाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना धानेपुर के प्रभारी निरीक्षक गोरखनाथ सरोज ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।