मोतीगंज/माधोपुर/गोंडा। जिले में बृहस्पतिवार को विकसित भारत-जी राम जी (वीबी-जी राम जी) योजना का शुभारंभ हुआ। योजना के तहत अब श्रमिकों को मस्टर रोल लगने के सात दिन के भीतर भुगतान किया जाएगा। पहले यह प्रक्रिया आठ दिन में पूरी होती थी। इससे जिले के एक लाख से अधिक सक्रिय जॉब कार्डधारकों को लाभ मिलेगा।
विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में अफसरों ने बताया कि केंद्र सरकार ने यह योजना पहली जुलाई से लागू की है। इसके तहत ग्रामीण रोजगार व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 252 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दी गई है। रोजगार के दिनों की संख्या भी 100 से बढ़ाकर 125 दिन कर दी गई है।
डीसी मनरेगा एवं उपायुक्त जनार्दन प्रसाद यादव तथा झंझरी की अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी पूनम शुक्ला ने फूल-माला पहनाकर श्रमिकों का स्वागत किया। इस दौरान झंझरी, पंडरीकृपाल, कटरा बाजार, नवाबगंज, मुजेहना समेत अन्य ब्लॉकों में कार्यक्रम आयोजित कर योजना की जानकारी दी गई।
दसियापुर, छाछपारा कानूनगो व विशुनपुर बैरिया समेत अन्य ग्राम पंचायतों में भी श्रमिकों को योजना के प्रति जागरूक किया गया। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी सुरेश कुमार अहिरवार ने बताया कि श्रमिकों को योजना के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पहले मस्टर रोल लगने के आठ दिन के भीतर भुगतान का प्रावधान था, जबकि अब यह प्रक्रिया सात दिन में पूरी होगी।
छाछपारा कानूनगो में ग्राम प्रशासक अवधेश तिवारी ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस मौके पर सचिव अनुपमा सिंह, रोहित कुमार, तकनीकी सहायक दिनेश दत्त शुक्ल, उदय प्रताप यादव, सत्यराम तिवारी व सोनू पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं, अन्य कार्यक्रमों में पूर्व ब्लॉक प्रमुख व जिला पंचायत सदस्य गौरव सिंह, राहुल चंद्र व आदित्य तिवारी आदि ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।